बीकानेर: 8वीं की छात्रा का अर्धनग्न शव मिलने से सनसनी,रात भर शव के पास बैठे,1 करोड़ मुआवजे की मांग पर अड़े परिजन

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर: 8वीं की छात्रा का अर्धनग्न शव मिलने से सनसनी, दुष्कर्म-हत्या की आशंका; 1 करोड़ मुआवजे की मांग पर अड़े परिजन

बीकानेर: जिले में शनिवार को 8वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद भारी तनाव का माहौल है। बोर्ड परीक्षा देने निकली छात्रा का शव घर और स्कूल के बीच रास्ते में अर्धनग्न अवस्था में मिला। घटना के 24 घंटे बाद भी आक्रोशित परिजन और ग्रामीण मौके पर धरने पर बैठे हैं और उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक शव को पोस्टमार्टम के लिए उठाने से साफ इनकार कर दिया है।
परीक्षा देने निकली थी, रास्ते में मिला शव
जानकारी के अनुसार, छात्रा शनिवार दोपहर को अपनी 8वीं बोर्ड की परीक्षा देने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वह परीक्षा केंद्र तक नहीं पहुंची। जब स्कूल स्टाफ ने परिजनों को छात्रा के अनुपस्थित रहने की सूचना दी, तो उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान घर और स्कूल के बीच रास्ते में छात्रा का अर्धनग्न शव बरामद हुआ। घटना की खबर फैलते ही सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
रातभर चला धरना, ये हैं ग्रामीणों की मांगें
घटना के बाद से ही ग्रामीण शव के पास धरने पर बैठ गए हैं और रविवार तक स्थिति यथावत बनी हुई है। प्रदर्शनकारियों की चेतावनी है कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जातीं, आंदोलन जारी रहेगा।
ग्रामीणों की मुख्य रूप से तीन मांगें हैं:
- हत्या के आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए।
- पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए।
- परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए।
प्रशासन की समझाइश विफल, कहा- नष्ट हो रहे हैं सबूत
स्थिति की गंभीरता और बढ़ते तनाव को देखते हुए सीमावर्ती क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। मौके पर एसडीएम सावरमल रैगर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बीएल मीणा, सीओ कोलायत सहित रणजीतपुरा, बज्जू और गजनेर थानों की पुलिस टीमें मौजूद हैं। देर शाम एसपी कावेंद्र सागर भी मौके पर पहुंचे और रात को उनकी अगुवाई में ग्रामीणों से वार्ता हुई, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे।
एसडीएम सावरमल रैगर ने बताया कि यह घटना बेहद गंभीर है और पुलिस-प्रशासन पूरी तत्परता से जांच कर रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि शव के खुले में पड़े रहने से महत्वपूर्ण वैज्ञानिक सबूत नष्ट होने की आशंका है, जिससे अपराधियों की गिरफ्तारी में बाधा आ सकती है। प्रशासन ने ग्रामीणों से पोस्टमार्टम होने देने की अपील की है ताकि बच्ची को जल्द न्याय मिल सके और परिजनों को कानून सम्मत सभी परिलाभ देने का भरोसा भी दिलाया है। फिलहाल अधिकारी कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।




































