रेलवे लाइन पर मिला क्षत-विक्षत शव, ट्रेन की चपेट में आने से मौत की आशंका


बीकानेर। शहर में शुक्रवार सुबह ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो जाने की खबर सामने आई है। घटना गंगाशहर थाना क्षेत्र के जोड़बीड़ भैरूजी रोड स्थित रेलवे लाइन की बताई जा रही है, जहां एक व्यक्ति का शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिला।घटना की सूचना मिलते ही गंगाशहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं सामाजिक संगठनों के सेवादारों ने भी राहत कार्य में सहयोग किया।

सूचना पर खिदमतगार खादिम सोसाइटी और असहाय सेवा संस्थान के सेवादार सोएंब भाई, इमरान और राजकुमार खड़गावत एम्बुलेंस के साथ मौके पर पहुंचे और शव को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।पुलिसकर्मी हरसुखराम अपनी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे और पूरे घटनाक्रम की निगरानी की। बाद में शव को कब्जे में लेकर पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।अस्पताल में डॉक्टरी जांच के बाद शव को मोर्चरी में सुरक्षित रख दिया गया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है तथा शव की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।




































