राजस्थान में ‘वेस्टर्न डिस्टर्बेंस’ का कहर: जयपुर में ओले गिरे, बीकानेर सहित 26 जिलों में अलर्ट जारी

THE BIKANER NEWS:-जयपुर | 18 फरवरी 2026:;राजस्थान में सक्रिय हुए नए ‘वेस्टर्न डिस्टर्बेंस’ (पश्चिमी विक्षोभ) के कारण प्रदेश का मौसम पूरी तरह बदल गया है। बुधवार सुबह से ही राजधानी जयपुर सहित प्रदेश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश और ओलावृष्टि का दौर जारी है, जिससे तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है।

इन जिलों में ‘ऑरेंज’ और ‘येलो’ अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेश के 26 जिलों को चेतावनी के घेरे में रखा है:
- ऑरेंज अलर्ट (13 जिले): जयपुर, सीकर, झुंझुनूं, अलवर, दौसा, टोंक, सवाई माधोपुर, करौली, बूंदी, भीलवाड़ा, कोटा, चित्तौड़गढ़ और अजमेर। इन इलाकों में तेज आंधी, बारिश और ओले गिरने की प्रबल संभावना है।
- येलो अलर्ट (13 जिले): राजसमंद, उदयपुर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, बारां, झालावाड़, भरतपुर, धौलपुर, नागौर, चूरू, बीकानेर, गंगानगर और हनुमानगढ़। यहाँ भी हल्की से मध्यम बारिश और बादलों की गर्जना की चेतावनी दी गई है।
प्रमुख अपडेट्स
किसानों की चिंता: बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने रबी की फसलों (सरसों, गेहूं) को लेकर किसानों की चिंता बढ़ा दी है।
जयपुर में ओलावृष्टि: जयपुर शहर और इसके आसपास के इलाकों में बुधवार सुबह से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। कई स्थानों पर ओले गिरने से सड़कों और खेतों में सफेद चादर बिछ गई है।
तापमान में गिरावट: बारिश और ठंडी हवाओं के चलने से ठिठुरन बढ़ गई है। मंगलवार को भी नागौर सहित कई जिलों में हल्की बारिश और ओले गिरे थे।



































