|

पीबीएम अस्पताल के जनाना वार्ड में प्रसूता के बेड पर गिरा छत का पंखा,बाल-बाल बची नवजात

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। पीबीएम अस्पताल के जनाना वार्ड में बुधवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। वार्ड में भर्ती एक प्रसूता के बेड पर अचानक छत का पंखा गिर गया। गनीमत रही कि समय रहते परिजन की सूझबूझ से नवजात बच्ची सुरक्षित बच गई और कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई।

मीडिया रिपोट्स से मिली जानकारी के अनुसार, भामटसर निवासी एक महिला ने बुधवार को सिजेरियन (ऑपरेशन) के माध्यम से एक बच्ची को जन्म दिया था। डिलीवरी के बाद उन्हें पीबीएम अस्पताल के जनाना वार्ड (आर वार्ड) के बेड संख्या 3 पर भर्ती किया गया। भर्ती होने के करीब ढाई घंटे बाद अचानक छत पर लगा पंखा टूटकर सीधे उनके बेड पर गिर गया।
घटना के समय प्रसूता की परिजन गीता देवी बेड के पास ही बैठी थीं। जैसे ही उन्होंने पंखा नीचे गिरते देखा, उन्होंने तुरंत नवजात बच्ची को अपने दोनों हाथों से ढक लिया। पंखा उनके हाथों पर गिरा, जिससे उन्हें मामूली चोटें आईं, लेकिन उनकी सतर्कता के कारण नवजात बच्ची पूरी तरह सुरक्षित रही।


घटना के बाद वार्ड में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए वार्ड में लगे अन्य पंखों और उपकरणों की सुरक्षा जांच कराने की मांग की है।
यह घटना एक बार फिर पीबीएम अस्पताल में मरीजों की सुरक्षा व्यवस्था और रखरखाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है। फिलहाल इस मामले में अस्पताल प्रशासन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Show More

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button