|

रानीबाजार क्षेत्र में बने होटल पर बीडीए का शिकंजा,सीज करने का नोटिस जारी

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर | खेजड़ी बचाओ आंदोलन का नेतृत्व कर रहे पूर्व पार्षद मनोज बिश्नोई और प्रशासन के बीच टकराव बढ़ता जा रहा है। बीकानेर विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने अब आंदोलनकारी मनोज बिश्नोई के रानी बाजार स्थित ‘होटल शौर्य 3.0’ को सीज करने की तैयारी कर ली है। बीडीए ने होटल संचालक को नोटिस जारी कर दस्तावेजों की मांग की है।

क्या है पूरा मामला?

बीडीए के एक दल ने हाल ही में होटल का निरीक्षण किया था। आरोप है कि होटल का निर्माण बायलॉज (Bylaws) के तहत नहीं किया गया है। इसके चलते बीडीए ने संचालक को दस्तावेज उपलब्ध करवाने के लिए नोटिस जारी किया है। हालांकि, विवाद इस बात पर है कि नोटिस में दस्तावेज पेश करने के लिए मात्र एक दिन का समय दिया गया है।

बैक डेट में नोटिस जारी करने का आरोप

पूर्व पार्षद मनोज बिश्नोई ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि:

  • ​बीडीए ने नोटिस ‘बैक डेट’ (सोमवार, 9 तारीख) में जारी किया।
  • ​यह नोटिस उन्हें मंगलवार रात 8:00 बजे मिला।
  • ​दस्तावेज पेश करने के लिए सिर्फ 1 दिन का समय दिया गया, जो व्यावहारिक नहीं है।

आंदोलन को कुचलने की साजिश?

मनोज बिश्नोई का दावा है कि प्रशासन ‘खेजड़ी बचाओ आंदोलन’ को कमजोर करने के लिए आंदोलनकारियों की प्रॉपर्टी को निशाना बना रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन मीडिया में अपनी नाकामी उजागर होने से बौखला गया है। बिश्नोई ने ऐलान किया कि अगर प्रशासन ने जबरन होटल सीज करने की कार्रवाई की, तो वे अपने पूरे परिवार के साथ होटल के बाहर आमरण अनशन पर बैठेंगे और अन्न-जल त्याग देंगे।

अधिकारी का बयान

इस मामले पर बीडीए सचिव डॉ. कुलराज मीणा ने कहा, “मनोज बिश्नोई से अभी केवल डॉक्यूमेंट मांगे हैं। उन्हें अपना पक्ष रखने का समय दिया गया है। डॉक्यूमेंट की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।”

Show More

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button