|

भाजपा नेता का अपहरण कर जानलेवा हमला, दोनों पैर तोड़े

सीकर। जिले के रींगस थाना क्षेत्र में रविवार तड़के बदमाशों ने भाजपा नेता राजेंद्र बाजिया पर जानलेवा हमला कर सनसनी फैला दी। आरोप है कि 8 से 10 हथियारबंद बदमाशों ने पहले उनके फार्महाउस में तोड़फोड़ की, फिर उनका अपहरण कर सुनसान इलाके में ले जाकर धारदार हथियारों और लाठी-डंडों से बेरहमी से हमला किया। हमले में राजेंद्र बाजिया के दोनों पैर टूट गए और वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार घटना रविवार सुबह करीब 3:30 बजे की है। बदमाश दो गाड़ियों में सवार होकर बावड़ी गांव स्थित फार्महाउस पहुंचे। वहां मौजूद राजेंद्र बाजिया के भांजे को एक कमरे में बंद कर दिया गया। भांजे ने किसी तरह फोन कर घटना की सूचना राजेंद्र बाजिया को दी।

सूचना मिलने पर राजेंद्र बाजिया फार्महाउस के लिए रवाना हुए, लेकिन रास्ते में बदमाशों ने उनकी गाड़ी को आगे और पीछे से घेर लिया। आरोपियों ने उन्हें जबरन गाड़ी में डालकर अपहरण कर लिया और धीरजपुरा गांव के पास सुनसान इलाके में ले गए।

वहां बदमाशों ने धारदार हथियारों और लाठी-डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल बाजिया को रींगस के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

घटना को लेकर भांजे शेर सिंह ने पुलिस में मामला दर्ज कराया है। रिपोर्ट में विक्की कुड़ी लाखनी, नरेंद्र ऐचरा, विजेंद्र मील सौथलिया सहित 8 से 10 लोगों को नामजद किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

राजेंद्र बाजिया क्षेत्र के सक्रिय भाजपा नेता बताए जा रहे हैं, जबकि उनकी पत्नी सावित्री देवी भाजपा की जिला मंत्री हैं। घटना के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और पुरानी रंजिश सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button