राष्ट्रीय कार्यक्रम ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह का समापन


बीकानेर | 9 नवंबर 2026 राष्ट्रीय कार्यक्रम ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह का समापन, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आईजीएनपी की छात्राओं ने दिया स्वच्छ एवं हरित भारत का संदेश, ऊर्जा एवं जल संरक्षण से लेकर प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली और कचरा प्रबंधन तक छात्राओं ने दिया जागरूकता का संदेशसमापन दिवस पर कचरा निस्तारण की शपथ लेकर छात्राओं ने दिया संदेश—स्वच्छता अपनाएं, प्रदूषण घटाएं और हरित दीपावली मनाएं।बीकानेर, 7 नवंबर। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, आईजीएनपी कॉलोनी, बीकानेर में 2 से 7 नवंबर 2026 तक आयोजित 7 दिवसीय ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह का शनिवार को उत्साहपूर्वक समापन हुआ।


भारत द्वारा ब्रिक्स मंच पर सतत जीवनशैली एवं पर्यावरण संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की भावना के अनुरूप विद्यालय की छात्राओं ने छह दिनों तक पोस्टर, चित्रकला, स्लोगन, शपथ, वीडियो संदेश एवं जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। सप्ताह के प्रथम दिन 2 नवंबर को ऊर्जा संरक्षण एवं बिजली बचत, दूसरे दिन 3 नवंबर को जल संरक्षण, तीसरे दिन 4 नवंबर को भोजन की बर्बादी रोकने, चौथे दिन 5 नवंबर को प्लास्टिक के उपयोग में कमी तथा पांचवें दिन 6 नवंबर को ई-कचरे के सुरक्षित निस्तारण एवं पुनर्चक्रण से संबंधित गतिविधियां आयोजित की गईं। छात्राओं ने आकर्षक पोस्टर, हस्तनिर्मित चित्र, प्रेरक नारों एवं वीडियो संदेशों के माध्यम से समाज को जागरूक किया।समापन दिवस पर कचरा निस्तारण की शपथ एवं हरित दीपावली का संदेश— सप्ताह के अंतिम दिन 7 नवंबर को ‘कचरा निस्तारण एवं उचित अपशिष्ट प्रबंधन’ विषय पर विशेष गतिविधियां आयोजित की गईं। दीपावली अवकाश के कारण छात्राओं ने अपने घरों से ही सहभागिता करते हुए स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली। छात्राओं ने गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग एकत्रित करने, प्लास्टिक का उपयोग कम करने, घरेलू कचरे का उचित निस्तारण करने, पुनः उपयोग एवं पुनर्चक्रण को बढ़ावा देने तथा परिवार एवं समाज को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। साथ ही सप्ताहभर की गतिविधियों का संकलन किया गया। छात्राओं ने आमजन से अपील की कि दीपावली पर मिट्टी के दीपक जलाएं, अनावश्यक बिजली की खपत कम करें, प्लास्टिक सजावट से बचें, पटाखों से होने वाले वायु एवं ध्वनि प्रदूषण को कम करें तथा उत्सव के बाद उत्पन्न कचरे का उचित निस्तारण करें। छात्राओं ने संदेश दिया कि ‘दीपावली खुशियों और प्रकाश का पर्व है, इसे प्रदूषण नहीं बल्कि स्वच्छता, सादगी और पर्यावरण संरक्षण के साथ मनाएं।’छात्राओं की प्रतिभा ने बढ़ाया राजकीय विद्यालय का गौरव— विद्यालय की छात्राओं ने पूरे सप्ताह घर एवं विद्यालय स्तर पर रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेकर यह सिद्ध किया कि राजकीय विद्यालयों की छात्राएं भी प्रतिभा, नवाचार एवं सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। छात्राओं सीता चौधरी, अंजू बिश्नोई एवं बनारसी सहित अन्य छात्राओं ने पोस्टर, चित्रकला एवं वीडियो संदेशों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उल्लेखनीय है कि विद्यालय की छात्रा सीता चौधरी को हाल ही में 11 अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में उनकी शैक्षणिक एवं सहशैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया था।विद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयासों से सफल हुआ आयोजन— प्रधानाचार्य योगेश्वर कुमार साध ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक सप्ताह का अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की दैनिक जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनना चाहिए। उपप्राचार्य गणेश चौधरी एवं वंदना राठौड़ ने छात्राओं की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए सतत जीवनशैली को व्यवहार में अपनाने का संदेश दिया। वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक अशोक व्यास का छात्राओं में अनुशासन, जिम्मेदारी एवं पर्यावरण के प्रति सकारात्मक व्यवहार विकसित करने में विशेष मार्गदर्शन एवं महत्वपूर्ण सहयोग रहा। सहायक प्रशासनिक अधिकारी मनीष विधानी ने शिक्षकों एवं छात्राओं के बीच समन्वय स्थापित कर सप्ताहभर की गतिविधियों, जागरूकता संदेशों एवं छात्राओं की रचनात्मक प्रस्तुतियों के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में मंजुल मुकुल वर्मा, शारीरिक शिक्षक पवन नायक, ताराचंद पायल, शमीम बानो, राजबाला चौधरी, सीमा शाऊ, शेषांक मिश्रा, रचना भाम्बरी, प्रीतम रांकावत सहित विद्यालय परिवार का सहयोग रहा। कार्यक्रम प्रभारी मनीता एवं रजनी गुर्जर ने विभिन्न गतिविधियों के संचालन एवं छात्राओं की सहभागिता सुनिश्चित करने में योगदान दिया।मीडिया एवं जिला प्रशासन के सहयोग से व्यापक प्रचार-प्रसार— ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह के दौरान विद्यालय की गतिविधियों को विभिन्न प्रिंट, डिजिटल एवं इलेक्ट्रॉनिक समाचार माध्यमों में प्रमुखता से स्थान मिला। जिला कलेक्टर एवं जिला जनसंपर्क कार्यालय, बीकानेर द्वारा भी विद्यालय की गतिविधियों को सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचारित किया गया। विद्यालय परिवार ने समस्त मीडिया प्रतिनिधियों एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। समापन अवसर पर विद्यालय परिवार ने संदेश दिया कि ऊर्जा एवं जल संरक्षण, भोजन की बर्बादी रोकना, प्लास्टिक का कम उपयोग, ई-कचरे का सुरक्षित निस्तारण, स्वच्छता अपनाना तथा पर्यावरण अनुकूल हरित दीपावली मनाना प्रत्येक नागरिक का सामाजिक दायित्व है। ‘स्वच्छ पर्यावरण, सुरक्षित भविष्य; हरित दीपावली से समृद्ध भारत।’फोटो कैप्शन— ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह के समापन दिवस पर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, आईजीएनपी कॉलोनी, बीकानेर की छात्राएं घर से कचरा निस्तारण एवं पर्यावरण संरक्षण की शपथ गतिविधि में भाग लेते हुए।































