Bikaner:-फरार ‘बॉस’ की पुलिस को तलाश,श्रद्धालुओं की बस पर लाठियों से हुआ था हमला!

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर, 23 सितंबर को जोधपुर रोड स्थित कृष्णा गोशाला पर चाय देने की बात पर विवाद हुआ जिसके बाद गोशाला के कर्मचारियों ने वहां से गुजर रही श्रद्धालुओं से भरी बस पर हमला किया और लाठियों से बस की खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए थे, जिससे बस में मौजूद लोग भयभीत हो गए थे।
नागौर सदर थाना इंचार्ज सुरेश कस्वां ने बताया कि वारदात में शामिल नागौर के चिमरानी निवासी श्रवण सैन, हमीरवास चूरू निवासी मनीष पूनियां और इग्यासनी, नागौर निवासी अशोक जाट को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों की तलाश में पुलिस ने 24 सितंबर को गोशाला में सर्च अभियान भी चलाया था। मामले की जांच नागौर डीएसपी प्रशिक्षु IPS जतिन जैन कर रहे हैं। अन्य आरोपियों की जानकारी जुटाई जा रही हैं।

थानाधिकारी ने बताया- वारदात को लेकर दर्ज हुए मुकदमे में गोशाला संचालक कुशालगिरी महाराज को भी आरोपी बनाया गया है। हालांकि वे अभी तक फरार है, संभावित ठिकानों पर तलाश की जा रही है। दूसरी ओर नागौर में सर्वसमाज के एक प्रतिनिधिमंडल ने रैली निकालकर पुलिस की कार्रवाई का विरोध जताया है। प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि कुशालगिरी महाराज को जबरन फंसाया जा रहा है, जबकि वो घटना के वक्त मौके पर मौजूद नहीं थे।





































