|

बीकानेर: दामाद ने दोस्तों के साथ मिलकर ससुराल से उड़ाए 22 लाख रुपये, तीनों गिरफ्तार

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहां एक दामाद ने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर ससुराल में रखी 22 लाख रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है तथा चोरी गई रकम में से 13 लाख 35 हजार रुपये बरामद कर लिए हैं।


पुलिस के अनुसार मामला बीकानेर जिले के खाजूवाला थाना क्षेत्र चक 17 बीडी का है, वहां के निवासी गिरधारीराम मेघवाल ने 17 जून को खाजूवाला थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। उन्होंने बताया कि उन्होंने हाल ही में अपना खेत बेचा था और उससे प्राप्त 22 लाख रुपये घर में एक संदूक में रखे हुए थे। 16 जून की रात अज्ञात चोर घर में घुसकर पूरी राशि चोरी कर ले गए।
जांच के दौरान पुलिस को शिकायतकर्ता के दामाद सोहनलाल नायक पर संदेह हुआ। पता चला कि सोहनलाल को घर में रखी बड़ी रकम की जानकारी थी। पुलिस के मुताबिक, नशे का आदी सोहनलाल इस रकम को देखकर लालच में आ गया और उसने अपने दो साथियों बूटा सिंह तथा दुलीचंद नायक के साथ मिलकर चोरी की योजना बना डाली।
तीनों आरोपियों ने रात के समय घर की दीवार में छेद कर अंदर प्रवेश किया और संदूक का ताला तोड़कर 22 लाख रुपये लेकर फरार हो गए। घटना के बाद ससुर को अपने दामाद पर शक हुआ, जिसके आधार पर नामजद मामला दर्ज कराया गया।


थानाधिकारी सुरेंद्र प्रजापत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच करते हुए मंगलवार शाम तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से 13 लाख 35 हजार रुपये बरामद किए हैं।
फिलहाल पुलिस शेष करीब 9 लाख रुपये के संबंध में पूछताछ कर रही है। जांच की जा रही है कि बाकी राशि कहां छिपाई गई है या किस प्रकार खर्च की गई है।
पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button