बीकानेर निकाय चुनाव: 270 वार्डों में 1213 उम्मीदवार मैदान में,इस वार्ड में 25 उम्मीदवार,नामांकन जांच में कई बड़े उलटफेर

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। जिले की सात नगरीय निकायों के 270 वार्डों में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। नामांकन पत्रों की जांच के बाद फिलहाल कुल 1213 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। हालांकि, नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्याशियों की अंतिम संख्या में बदलाव हो सकता है।
नामांकन जांच में कई बड़े उलटफेर
नामांकन पत्रों की संवीक्षा के दौरान बीकानेर नगर निगम के कई वार्डों में चुनावी समीकरण बदल गए। वार्ड 69 में कांग्रेस प्रत्याशी ममता सांसी का नामांकन खारिज होने के बाद भाजपा की लीला गहलोत का निर्विरोध निर्वाचन लगभग तय माना जा रहा है।
वहीं वार्ड 26 से कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप कुमार और वार्ड 30 से भाजपा प्रत्याशी भंवरलाल का नामांकन भी निरस्त कर दिया गया। जानकारी के अनुसार दोनों के खिलाफ अलग-अलग पुलिस थानों में मामले दर्ज हैं।
वार्ड 2 में सबसे ज्यादा उम्मीदवार
बीकानेर नगर निगम के वार्ड संख्या 2 में सबसे ज्यादा 15 उम्मीदवार मैदान में हैं। यहां कांग्रेस के संजय आचार्य और भाजपा के दीपक व्यास के सामने 13 अन्य प्रत्याशी भी चुनौती पेश कर रहे हैं।
इसके बाद वार्ड 8 में 14 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं, जिससे यहां मुकाबला काफी रोचक होने की उम्मीद है।
वार्ड 26 में बदला चुनावी समीकरण
कांग्रेस प्रत्याशी का नामांकन खारिज होने के बाद वार्ड 26 में अब रामदयाल पंचारिया का मुकाबला चार निर्दलीय प्रत्याशियों से रह गया है। ऐसे में इस वार्ड का चुनावी समीकरण भी पूरी तरह बदल गया है।
अब सभी की नजरें नाम वापसी की अंतिम प्रक्रिया पर हैं। इसके बाद ही सभी वार्डों में प्रत्याशियों की अंतिम तस्वीर साफ होगी और चुनावी मुकाबलों की वास्तविक स्थिति सामने आएगी।





































