|

बड़ी खबर:^पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में रेजिडेंट डॉक्टर से मारपीट का आरोप,आक्रोशित डॉक्टरों ने किया कार्य बहिष्कार

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर:संभाग के सबसे बड़े पीबीएम (PBM) अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में देर रात एक रेजिडेंट डॉक्टर के साथ मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना के विरोध में आज सुबह से ही रेजिडेंट डॉक्टरों ने कार्य बहिष्कार कर दिया है, जिससे अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही है और मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

​मिली जानकारी के अनुसार, देर रात एक घायल युवती इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर आई थी। ड्यूटी पर मौजूद रेजिडेंट डॉक्टर प्रतिभा ने उसका इलाज और प्राथमिक उपचार किया था। बताया जा रहा है कि इलाज में कोई कोताही नहीं बरती गई थी।

​इसके कुछ देर बाद जब डॉ. प्रतिभा किसी अन्य मरीज की जांच के लिए सीटी स्कैन (CT Scan) रूम में गईं, तो वह घायल युवती भी उनके पीछे-पीछे वहां पहुंच गई। सीटी स्कैन रूम में दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर उस युवती ने डॉ. प्रतिभा को थप्पड़ जड़ दिया।

​रेजिडेंट डॉक्टर पर हाथ उठाने की इस घटना के बाद वहां मौजूद पूरा स्टाफ तुरंत इकट्ठा हो गया और हंगामा शुरू हो गया। स्थिति को बिगड़ता देख मौके पर सदर थाना पुलिस को बुलाया गया।

​मामले की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल के सीनियर डॉक्टर भी बीच-बचाव के लिए वहां पहुंचे। सीनियर डॉक्टरों और पुलिस ने मिलकर दोनों पक्षों से समझाइश का काफी प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बन सकी और तनाव बरकरार रहा।

​इस घटना से अस्पताल के सभी रेजिडेंट डॉक्टरों में भारी रोष है। अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित डॉक्टरों ने आज सुबह से हड़ताल करते हुए पूर्ण रूप से कार्य बहिष्कार का ऐलान कर दिया है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button