बड़ी खबर:-नयाशहर थाना क्षेत्र से ज्वेलर्स से करोड़ो की फिरौती मांगने के मामले में दो संदिग्ध पुलिस की गिरफ्त में


THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। बीकानेर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा के नाम पर शहर के एक नामी ज्वैलर से ₹5 करोड़ की फिरौती मांगने के मामले में दो आरोपियों को जयपुर से दबौचा है। यह कार्रवाई बीकानेर पुलिस की स्पेशल टीम द्वारा की गई।

मिली जानकारी के अनुसार, नयाशहर थाना क्षेत्र में रहने वाले एक सर्राफा व्यवसायी को हाल ही में एक विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल और मैसेज के जरिए धमकी मिली थी। धमकी देने वाले व्यक्ति ने खुद को गैंगस्टर रोहित गोदारा का खास गुर्गा वीरेंद्र चारण बताया और ज्वैलर से ₹5 करोड़ की रंगदारी की मांग की। आरोपी ने धमकी दी कि यदि 27 सितंबर की शाम 5:00 बजे तक पैसे नहीं मिले, तो व्यवसायी की जान ले ली जाएगी।
धमकी मिलने के बाद, व्यवसायी ने इस संबंध में नयाशहर थाने में मामला दर्ज कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए, बीकानेर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने जांच के दौरान साइबर सेल की मदद से फिरौती मांगने के लिए इस्तेमाल किए गए नंबरों और संदिग्धों की लोकेशन ट्रैक की।
तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर, पुलिस की टीम जयपुर पहुंची। वहां एक फ्लैट पर दबिश देकर दो संदिग्धों, विष्णु साध निवासी जयपुर और मनीष लांबा निवासी बीकानेर, को हिरासत में लिया गया। पुलिस के अनुसार, इन दोनों व्यक्तियों के गैंगस्टर रोहित गोदारा से संबंध होने और फिरौती मामले में शामिल होने की प्रबल आशंका है।
पुलिस पूछताछ में पता चला है कि विष्णु साध एक आदतन अपराधी है और पहले भी फायरिंग और फिरौती के मामलों में शामिल रहा है। जानकारी के अनुसार, पिछले साल उसने नयाशहर थाना क्षेत्र में ही डॉ. विष्णु अग्रवाल को जान से मारने की धमकी देकर ₹25 लाख की फिरौती मांगी थी।
पुलिस को संदेह है कि इस रंगदारी रैकेट में स्थानीय लोगों की भी संलिप्तता हो सकती है, जो बीकानेर के प्रमुख व्यापारियों की जानकारी गैंगस्टरों तक पहुँचा रहे हैं। पुलिस अब दोनों गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि फिरौती मामले से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सके। इस कार्रवाई से शहर के व्यापारियों ने राहत की सांस ली है।





































