ट्रैक्टर पर मंत्री के साथ दिखे कांग्रेस नेता, कुछ ही घंटों बाद पद से हटाए गए

बीकानेर। कोलायत क्षेत्र में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान राजस्थान सरकार के मंत्री सुमित गोदारा के साथ ट्रैक्टर पर नजर आए कांग्रेस नेता श्याम सिंह भाटी को कांग्रेस संगठन ने बीकानेर देहात जिला उपाध्यक्ष पद से हटा दिया है। इस कार्रवाई के बाद जिले की राजनीति में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के निर्देश पर संगठन महासचिव ललित तूनवाल ने आदेश जारी कर श्याम सिंह भाटी को तत्काल प्रभाव से पदमुक्त कर दिया।
उल्लेखनीय है कि महज छह दिन पहले घोषित बीकानेर देहात कांग्रेस की नई कार्यकारिणी में उन्हें जिला उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।बताया जा रहा है कि बुधवार को कोलायत में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान भाटी मंत्री सुमित गोदारा के साथ ट्रैक्टर पर दिखाई दिए थे। इसके कुछ ही समय बाद उन्हें पद से हटाने के आदेश जारी हो गए। हालांकि कांग्रेस की ओर से इस कार्रवाई का कोई आधिकारिक कारण नहीं बताया गया है, लेकिन घटनाक्रम के समय और परिस्थितियों को लेकर राजनीतिक गलियारों में कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।श्याम सिंह भाटी को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रामेश्वर डूडी का करीबी माना जाता है। फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम पर उनकी ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।




































