कबड्डी के मैदान में बीकानेर की बेटियों का जलवा, पांचवीं बार पदक पर कब्जा


बीकानेर। अलवर के इंदिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित 36वीं सब-जूनियर बालक-बालिका कबड्डी प्रतियोगिता में बीकानेर जिले की बालिका कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। इस उपलब्धि के साथ ही बीकानेर की बेटियों ने लगातार पांचवीं बार राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया है।
बीकानेर जिला कबड्डी संघ के सचिव जितेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि प्रतियोगिता में राजस्थान के सभी जिलों के साथ राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद की टीमों ने भी भाग लिया। बीकानेर की बालिका टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल तक का सफर तय किया।
सेमीफाइनल मुकाबले में बीकानेर की टीम को बेहद रोमांचक संघर्ष में मात्र एक अंक से हार का सामना करना पड़ा। मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। हालांकि टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान हासिल कर कांस्य पदक जीता।
जिला कबड्डी संघ के अध्यक्ष महेंद्र कुमार व्यास ने बताया कि बीकानेर की बालिका टीम लगातार पांचवीं बार राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पदक जीतने में सफल रही है। इससे पहले टीम एक बार स्वर्ण और तीन बार रजत पदक भी जीत चुकी है।
बालिका खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है। टीम की सफलता को जिले में बालिका खेल प्रतिभाओं के बढ़ते स्तर और मेहनत का परिणाम माना जा रहा है।






































