Bikaner:- PBM अस्पताल ले जाते समय एंबुलेंस में गूंजी किलकारी,स्टाफ की सूझबूझ से महिला ने सुरक्षित बेटे को दिया जन्म,मां और नवजात स्वस्थ


THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। पुनरासर से बीकानेर आ रही एक 108 एंबुलेंस में मंगलवार को किलकारी गूंज उठी। रास्ते में प्रसव पीड़ा बढ़ने पर एंबुलेंस स्टाफ की सूझबूझ से महिला ने सुरक्षित रूप से एक बेटे को जन्म दिया। फिलहाल मां और नवजात शिशु दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं और उन्हें बीकानेर के PBM अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


मिली जानकारी के अनुसार, महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) पुनरासर से उसे बीकानेर के PBM अस्पताल के लिए रेफर किया गया था। एंबुलेंस अभी रास्ते में ही थी कि महिला को तीव्र प्रसव पीड़ा होने लगी।
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए एंबुलेंस में तैनात ईएमटी (EMT) अशोक और पायलट अंकित ने तत्परता दिखाई। उन्होंने रास्ते में ही एंबुलेंस रोककर सुरक्षित प्रसव (डिलीवरी) करवाया।
प्रसव के बाद एंबुलेंस स्टाफ जच्चा और बच्चा दोनों को लेकर PBM अस्पताल पहुंचा, जहां उन्हें डॉक्टरों की देखरेख में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की हालत स्थिर और स्वस्थ है। समय रहते मिली इस चिकित्सकीय सहायता और एंबुलेंस स्टाफ की सूझबूझ की परिजनों ने सराहना की है।




































