बीकानेर: आचार संहिता के बीच अवैध शराब परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 288 पव्वे देसी शराब बरामद


THE BIKANER NEWS:-बीकानेर,पंचायती राज संस्थाओं के आगामी आम-चुनाव 2026 के मद्देनजर लागू आदर्श आचार संहिता के पालन और अवैध शराब के विक्रय व परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में आबकारी विभाग बीकानेर की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए अवैध देसी शराब के साथ एक वाहन को जब्त किया है।


कार्यालय जिला आबकारी अधिकारी, बीकानेर द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, यह कार्रवाई राजस्थान के आबकारी आयुक्त श्रीमान नमित मेहता (उदयपुर) के निर्देशों पर की गई। सहायक आबकारी अधिकारी, बीकानेर, श्रीमान प्रताप सिंह डूडी के नेतृत्व में आबकारी निरोधक दल, बीकानेर ग्रामीण के प्रहराधिकारी श्री सुरेन्द्र कुमार और उनकी टीम गश्त पर थी।
गश्त के दौरान टीम जब बरजांगसर गांव में मौजूद थी, तब साण्डवा (चुरू) की ओर से बरजांगसर की ओर आ रही एक महिन्द्रा बोलेरो गाड़ी (रजिस्ट्रेशन संख्या RJ 07 UA 4143) को रुकवाकर तलाशी ली गई। तलाशी में वाहन में अवैध देसी शराब पाई गई।
टीम ने वाहन को जब्त कर लिया, जिसमें छह गत्ता कार्टूनों में रखे कुल 288 पव्वे ‘ग्लोबस नीबू देसी शराब’ बरामद किए गए।
वाहन चालक, देवी सिंह पुत्र श्री भीमसिंह, जाति राजपूत, निवासी बरजांगसर, पुलिस थाना श्रीडूंगरगढ़, जिला बीकानेर के विरुद्ध राजस्थान आबकारी अधिनियम की धारा 19/54 एवं 54 ए के तहत आवश्यक कार्रवाई की गई है और FIR दर्ज कर ली गई है। मामले में आगे का अनुसंधान जारी है।
जिला आबकारी अधिकारी संजीव कुमार पटावरी के अनुसार, चुनाव आचार संहिता के चलते आगे भी अवैध शराब के कारोबार पर रोकथाम के लिए रेड गश्त और निरोधात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।





































