बड़ी खबर:-बीकानेर में बड़ा हादसा,बिजली का पोल गिरने से स्कूली छात्र गंभीर घायल,लोगों में आक्रोश






THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। शहर के नयाशहर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया। नत्थूसर गेट के बाहर, बिनानी कॉलेज से पहले 6 नंबर डिस्पेंसरी के पास अचानक एक बिजली का पोल टूटकर सड़क पर गिर गया। इसी दौरान साइकिल से स्कूल जा रहा एक छात्र इसकी चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
बताया जा रहा है कि घायल छात्र एम.एम. स्कूल का विद्यार्थी है। वह साइकिल से स्कूल जा रहा था साथ मे उसके एक और भी छात्र था, तभी अचानक बिजली का खंभा उसके ऊपर गिर पड़ा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल छात्र को संभाला और उसे उपचार के लिए पहुंचाने की व्यवस्था की।
जर्जर पोल को लेकर उठे सवाल
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में बिजली विभाग और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी देखने को मिली। लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से कई बिजली के पोल जर्जर हालत में हैं, लेकिन उनकी समय रहते मरम्मत या उन्हें बदलने की कार्रवाई नहीं की गई।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि शहर के कई इलाकों में ऐसे खस्ताहाल बिजली के खंभे मौजूद हैं, जिनसे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने सवाल उठाया कि यदि समय रहते इन पोल की जांच और मरम्मत की जाती तो इस तरह की घटना को टाला जा सकता था।
प्रशासन से कार्रवाई की मांग
हादसे के बाद लोगों ने प्रशासन और बिजली विभाग से मांग की है कि घायल छात्र के उपचार में हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाए। साथ ही शहरभर में लगे जर्जर बिजली के पोल का तत्काल सर्वे करवाकर उन्हें बदलने की मांग भी उठाई गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर जर्जर बिजली के पोल आमजन की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बने हुए हैं। ऐसे में विभाग को हादसे का इंतजार करने के बजाय पहले से ही सुरक्षा संबंधी कदम उठाने चाहिए।
फिलहाल घायल छात्र की स्थिति और हादसे के संबंध में बिजली विभाग की ओर से आधिकारिक बयान सामने आना बाकी है।





































