श्री रामदेव मंडल सेवा समिति का सेवा दल रामदेवरा रवाना3000 से अधिक पेड़ लगाकर पर्यावरण संरक्षण का भी दिया संदेश

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। मोहल्ला साले की होली स्थित श्री रामदेव मंडल सेवा समिति का सेवा दल रामदेवरा जाने वाले बाबा के जातरुओं (पदयात्रियों) की सेवा के लिए रवाना हो गया। 13 सितंबर 2026 को श्री शशि मोहन मूंधड़ा, श्री राजेश जी चूरा और श्री अरुण सुराणा ने सेवा दल को हरी झंडी दिखाकर प्रस्थान करवाया।
समिति के सचिव झंवरलाल आचार्य ने बताया कि संस्था वर्ष 1972 से लगातार रामदेवरा जाने वाले पैदल यात्रियों की सेवा कर रही है। जन सहयोग से समिति द्वारा बुधलाई तलाई, डाली बाई और रामदेवरा के सावतसरिया तालाब पर अस्थाई सेवा शिविर लगाए जाते हैं, जहां यात्रियों को विभिन्न निःशुल्क सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।
भोजन से लेकर स्वास्थ्य सुविधाओं तक व्यवस्था
सेवा शिविरों में यात्रियों के लिए देशी घी की रोटी-सब्जी, चूरमा, हलवा, पकौड़ी, चाय-कॉफी, भुजिया, मीठा दाना और नींबू शिकंजी सहित भोजन एवं स्वल्पाहार की व्यवस्था रहती है।
इसके साथ ही यात्रियों को प्राथमिक चिकित्सा और रात्रि विश्राम के लिए कंबल उपलब्ध करवाए जाते हैं। पैदल यात्रा में पीछे रह जाने वाले यात्रियों तक मोबाइल वाहन के माध्यम से भोजन और शीतल जल पहुंचाने की विशेष व्यवस्था भी की जाती है।
3000 से अधिक पेड़ लगाकर पर्यावरण संरक्षण
सेवा कार्यों के साथ समिति ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल की है। पदयात्रियों को छाया उपलब्ध कराने और हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से समिति द्वारा 3000 से अधिक पेड़ लगाए जा चुके हैं।
समिति का यह सेवा अभियान धार्मिक आस्था के साथ-साथ मानव सेवा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दे रहा है।





































