|

राजस्थान में मानसून का ब्रेक खत्म, आज से बारिश का दौर होगा तेज; कई जिलों में येलो अलर्ट

THE BIKANER NEWS:^जयपुर। राजस्थान में पिछले एक सप्ताह से चल रहा मानसून का ब्रेक अब खत्म हो गया है। बुधवार को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हुई। भरतपुर के रूपवास इलाके में 1 इंच से ज्यादा बारिश दर्ज की गई, जबकि जयपुर, धौलपुर और करौली के कई हिस्सों में भी बारिश देखने को मिली।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना वेलमार्क लो-प्रेशर सिस्टम अगले 24 घंटे के दौरान दक्षिणी उत्तर प्रदेश और उत्तरी मध्य प्रदेश तक पहुंच सकता है। इसके असर से 4 सितंबर से राजस्थान में बारिश का दौर तेज होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने 4 सितंबर को जयपुर, अलवर, दौसा, भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, अजमेर, टोंक, भीलवाड़ा, बूंदी, कोटा, बारां, झालावाड़, चित्तौड़गढ़ और प्रतापगढ़ जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।

वहीं, भरतपुर और कोटा संभाग में 5 से 7 सितंबर के बीच तेज बारिश तथा एक-दो स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके विपरीत पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर संभाग में आगामी दिनों में मानसून के सुस्त रहने की संभावना है।

बीकानेर संभाग में गर्मी बरकरार

तापमान की बात करें तो बुधवार को प्रदेश के बीकानेर संभाग में सबसे ज्यादा गर्मी रही। श्रीगंगानगर में राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Show More

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button