|

बीकानेर:-नयाशहर थाना पुलिस ने पीछा कर नत्थूसर गेट के पास वांछित नशा तस्कर को दबौचा

THE BIKANER NEWS:;बीकानेर पुलिस ने एमडीएमए (MDMA) के एक वांछित तस्कर को फिल्मी अंदाज में पीछा कर गिरफ्तार किया है। पुलिस को देखते ही आरोपी स्कॉर्पियो लेकर फरार हो गया, लेकिन तेज रफ्तार के दौरान गाड़ी का टायर फटने से पुलिस ने उसे घेरकर दबोच लिया। उसके साथ मौजूद साथी को भी हिरासत में लिया गया है।


बुधवार शाम नयाशहर थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित तस्कर देवकिशन टाक वाल्मीकि चौराहे के पास स्कॉर्पियो में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस को देखते ही देवकिशन अपने साथी सोनू के साथ वाहन लेकर फरार हो गया।


पुलिस ने तुरंत पीछा शुरू किया। आरोपी वाल्मीकि चौराहे से विश्वकर्मा गेट, धर्मनगर द्वार, बेसिक कॉलेज और एमएम स्कूल होते हुए नत्थूसर गेट की ओर भागे। इसी दौरान स्कॉर्पियो एक पत्थर से टकरा गई, जिससे उसका टायर फट गया। मौके का फायदा उठाकर पुलिस ने घेराबंदी की और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार जुलाई माह में एमडीएमए बरामदगी के दो मामलों में देवकिशन का नाम सामने आया था। जांच में खुलासा हुआ था कि नत्थूसर बास स्थित विवेक बाल निकेतन स्कूल के सामने रहने वाला देवकिशन टाक ही एमडीएमए की सप्लाई करता था। तभी से वह एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामलों में फरार चल रहा था।
नयाशहर थाना प्रभारी सुरजीत कुमार ने बताया कि देवकिशन एमडीएमए का बड़ा सप्लायर है। दोनों एनडीपीएस मामलों की जांच कोतवाली थाना पुलिस के सीआई रतनाराम कर रहे हैं, इसलिए आरोपी को आगे की पूछताछ के लिए उनके सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस को पूछताछ में मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े कई अहम खुलासे होने की उम्मीद है।


वहीं, आरोपी के साथी सोनू को फिलहाल शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों की स्कॉर्पियो भी जब्त कर ली है।

Show More

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button