बीकानेर-भाई बना भाई का कातिल: मामूली विवाद में कुल्हाड़ी से हमला, बड़े भाई की मौत

बीकानेर। राजस्थान के बीकानेर जिले के नोखा कस्बे में देर रात एक पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद छोटे भाई ने कथित तौर पर अपने बड़े भाई पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना नोखा के पंचारिया चौक क्षेत्र की है, जहां 35 वर्षीय हुकमचंद पंचारिया उर्फ सेवाराम की मौके पर ही गंभीर चोट लगने से मृत्यु हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही नोखा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर बागड़ी जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए नोखा सीओ जरनैल सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और मौका मुआयना किया।
पुलिस के अनुसार, मृतक के पिता ओमप्रकाश ने थाने में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि गुरुवार रात हुकमचंद ने अपने छोटे भाई जगदीश से नशे के लिए पैसे मांगे थे। पैसे देने से इनकार करने पर दोनों भाइयों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
आरोप है कि गुस्से में आए जगदीश ने कुल्हाड़ी से अपने बड़े भाई पर कई वार कर दिए। शोर सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तथा घायल को तत्काल बागड़ी जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने आरोपी जगदीश को उसके घर से हिरासत में ले लिया है। वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने घटना स्वीकार करने की बात कही है। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं और पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।





































