|

खाजूवाला में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 13,300 नशीली गोलियां-कैप्सूल बरामद, महिला गिरफ्तार

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर जिले के खाजूवाला कस्बे में पुलिस और औषधि नियंत्रण विभाग की संयुक्त टीम ने नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मकान से 13,300 नशीली टैबलेट और कैप्सूल बरामद किए हैं। कार्रवाई के दौरान एक महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है।


जानकारी के अनुसार खाजूवाला थाना पुलिस को क्षेत्र में नशीली दवाइयों के अवैध भंडारण और बिक्री की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर खाजूवाला के वार्ड नंबर 5 स्थित तावणियां कॉलोनी में एक मकान पर संयुक्त दबिश दी गई।


छापेमारी के दौरान मकान में मौजूद अंजू देवी के कब्जे से बड़ी मात्रा में नशीली दवाइयां बरामद हुईं। पुलिस ने मौके से कुल 13,300 टैबलेट और कैप्सूल जब्त किए। बरामद दवाइयों में प्रेगाबालिन गोलियां, टीडी नामक टैबलेट, जॉन डियर कैप्सूल तथा अन्य संतरी रंग की नशीली गोलियां शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में इन दवाइयों के नशे के रूप में उपयोग होने की पुष्टि हुई है।


यह कार्रवाई खाजूवाला सीओ (प्रशिक्षु आरपीएस) गौरव सारस्वत के सुपरविजन तथा थानाधिकारी सुरेंद्र प्रजापत के नेतृत्व में की गई। संयुक्त टीम में एएसआई श्रवण राम, महिला कॉन्स्टेबल प्रियंका, जिला औषधि नियंत्रण अधिकारी शेखर चंद चौधरी और नरोत्तमदेव बारोठिया शामिल रहे।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच एजेंसियां अब बरामद नशीली दवाइयों के स्रोत और उनकी सप्लाई चेन का पता लगाने में जुटी हैं। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ के दौरान अवैध नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क को लेकर भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button