आखातीज से पहले एक्शन में पुलिस, 39 चरखी प्रतिबंधित चाइनीज मांझा जब्त, एक गिरफ्तार


THE BIKANER NEWS:-बीकानेर, 18 अप्रैल।शहर में अक्षय तृतीया (आखातीज) के पर्व पर पतंगबाजी के दौरान होने वाले हादसों को रोकने के लिए बीकानेर पुलिस सख्त हो गई है। कोतवाली थाना पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित चाइनीज (धातु मिश्रित) मांझे की 39 चरखियां जब्त की हैं। पुलिस ने इस मामले में अवैध रूप से मांझा बेच रहे एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया है।

दो दिन में की गई दो बड़ी कार्रवाइयां
कोतवाली थानाधिकारी श्रीमती सविता डाल के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने गश्त और मुखबिर की सूचना के आधार पर ये कार्रवाइयां कीं:
17 अप्रैल को टीम ने गफूर बस्ती, लाल गुफा रोड निवासी मोहम्मद अजीज (पुत्र मोहम्मद अयूब) के मकान पर दबिश दी और वहां से 29 चरखी प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बरामद किया
18 अप्रैल को टीम ने वार्ड नं. 17, नायकों की बस्ती, रानीसर बास निवासी फारुख (पुत्र गुलाम रसूल) के कब्जे से 10 चरखी चाइनीज मांझा बरामद किया।
पुलिस ने मौके से आरोपी फारुख को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों ही मामलों में पुलिस ने अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर लिए हैं। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि चाइनीज मांझे की सप्लाई करने वाले मुख्य नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर बनी थी विशेष टीम
गौरतलब है कि बीकानेर जिला कलेक्टर और एसपी द्वारा 8 अप्रैल 2025 को ही एक आदेश जारी कर धातुओं के मिश्रण से निर्मित चाइनीज मांझे के भंडारण, बिक्री, परिवहन और उपयोग पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगा दिया गया था। इसके बावजूद शहर में चाइनीज मांझे के बिकने की सूचनाएं मिल रही थीं।
आईजी ओमप्रकाश (IPS) और एसपी मृदुल कच्छावा (IPS) के कड़े निर्देशों के बाद एएसपी सिटी चत्रवर्ती सिंह राठौड़ और सीओ सिटी अनुज डाल के सुपरविजन में कोतवाली स्तर पर यह विशेष टीम गठित की गई थी।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थानाधिकारी सविता दाल, एसआई राकेश मीना, हेड कांस्टेबल संदीप कुमार व सचित्र वीर, कांस्टेबल लीलाधर, शिवराज, भागीरथ, जैसाराम और चालक बृजलाल शामिल थे। इस पूरी घटना का पर्दाफाश करने में कांस्टेबल भागीरथ (448) की विशेष भूमिका रही।





































