कलेक्ट्रेट व एसपी कार्यालय परिसर में ज्ञापन देने पहुंचे युवक के साथ वकील ने की मारपीट; पीड़ित ने की निष्पक्ष जांच व कानूनी कार्रवाई की मांग

THE BIKANER NEWS:– biikane, 14 अक्टूबर 2026:
अति-सुरक्षित प्रशासनिक परिसर (कलेक्ट्रेट एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय) में ज्ञापन देने पहुंचे एक आम नागरिक के साथ अकारण गाली-गलौज एवं मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित सैयद सद्दाम हुसैन ने आज प्रेस वार्ता आयोजित कर आरोपी अधिवक्ता के विरुद्ध त्वरित व निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई।
पीड़ित सद्दाम हुसैन ने बताया कि दिनांक 12 अक्टूबर 2026 को वे अपनी समस्या के समाधान हेतु जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपने पहुंचे थे। एसपी कार्यालय परिसर में खड़े एक व्यक्ति से केवल यह पूछने पर कि “यह प्रार्थना पत्र सही बना है या नहीं?”, उक्त व्यक्ति अचानक आक्रोशित हो गया और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
घटना के दौरान मौके पर मौजूद पुलिस स्टाफ व आम नागरिकों ने बीच-बचाव कर सद्दाम को बचाया तथा हमलावर को फटकार लगाई।
बाद में ज्ञात हुआ कि मारपीट करने वाला व्यक्ति एक पेशेवर वकील (एडवोकेट) है।
पीड़ित ने बताया कि घटना की लिखित शिकायत उसी दिन संबंधित पुलिस थाने एवं वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को सौंप दी गई है।
सद्दाम हुसैन ने प्रशासन के समक्ष निम्नलिखित मुख्य बिंदु रखे:
कलेक्ट्रेट एवं एसपी कार्यालय जैसे संवेदनशील प्रशासनिक क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सुरक्षित कर जांच में शामिल की जाए।
दिनदहाड़े परिसर में हुई मारपीट व गुंडागर्दी के आरोपी अधिवक्ता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर विधि सम्मत सख्त कार्रवाई की जाए।
आम नागरिकों की प्रशासनिक परिसरों में सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि न्याय मांगने पहुंचने वाले लोग किसी प्रकार के भय या हिंसा का शिकार न हों।
पीड़ित ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासनिक परिसर में हुई इस हिंसक घटना पर प्रशासन ने शीघ्र निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की, तो वे लोकतांत्रिक दायरे में रहते हुए उच्चाधिकारियों एवं न्यायालय की शरण लेंगे





































