Rajasthan:- तीर्थ धाम में सूटकेस में जोरदार धमाका,मचा हड़कंप,पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की

THE BIKANER NEWS:-राजस्थान के सीकर जिले के नीमकाथाना इलाके में स्थित प्रसिद्ध गणेश्वर तीर्थ धाम में गुरुवार दोपहर उस वक्त दहशत फैल गई, जब यहां के कुंड में फेंके गए एक सूटकेस में अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि पूरा इलाका गूंज उठा और मौके पर धुएं का गुबार फैल गया। गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन वहां काम कर रहे मजदूरों में भगदड़ मच गई।

क्या है पूरा मामला?
घटना गुरुवार दोपहर करीब 2 बजकर 10 मिनट की बताई जा रही है। धाम परिसर में इन दिनों जीर्णोद्धार (रेनोवेशन) का काम चल रहा था। मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शी मजदूर सुरेश ने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान दो अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचे। उनके हाथों में एक सूटकेस और नारियल की थैली थी।
मजदूर के अनुसार, उनमें से एक व्यक्ति फोन पर किसी से बात कर रहा था और कुंड में नारियल व सूटकेस डालने के बारे में पूछ रहा था। निर्देश मिलते ही उसने पहले नारियल और उसके बाद सूटकेस को कुंड में फेंक दिया।
सूटकेस गिरते ही हुआ विस्फोट
जैसे ही सूटकेस पानी में गिरा, एक जोरदार धमाका हुआ। धमाके की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि सूटकेस के परखच्चे उड़ गए। विस्फोट के साथ ही वहां धुआं फैल गया, जिससे वहां काम कर रहे मजदूर घबरा गए और अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इसी अफरा-तफरी का फायदा उठाकर सूटकेस फेंकने वाले दोनों संदिग्ध व्यक्ति मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। डीएसपी सुशील मान मौके पर पहुंचे और उन्होंने प्रत्यक्षदर्शी मजदूरों से घटना की जानकारी ली। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस ने तुरंत धाम परिसर को खाली करवाया और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी है।
पुलिस की टीम और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स ने मौके से टूटे हुए सूटकेस के टुकड़े और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि सूटकेस में क्या था और वे दो संदिग्ध व्यक्ति कौन थे। मामले की गहनता से जांच जारी है।


































