इस थाना क्षेत्र से 21 वर्षीय युवती लापता, पुलिस ने दर्ज की गुमशुदगी

श्रीडूंगरगढ़। कस्बे के कल्याणसर पुराना गांव से एक 21 वर्षीय युवती के लापता होने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार युवती 31 दिसंबर 2025 को दोपहर करीब 1 बजे आंगनबाड़ी जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी।

युवती के पिता ने बताया कि बेटी के वापस नहीं आने पर उन्होंने पहले स्वयं स्तर पर तलाश की। आंगनबाड़ी पहुंचने पर भी युवती का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद रिश्तेदारों व जानकारों के यहां भी खोजबीन की गई, लेकिन कहीं पता नहीं चला।
परिजन थाने पहुंचे और पुलिस से मदद की गुहार लगाई। पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया है। हेड कांस्टेबल संदीप कुमार के नेतृत्व में युवती की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर रही है और संभावित स्थानों पर खोजबीन जारी है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को युवती के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाने में सूचित करें।




































