दो साल भी नहीं चली गृहस्थी, पति पर दहेज प्रताड़ना का आरोप


बीकानेर। दहेज की मांग को लेकर विवाहिता को प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने श्रीडूंगरगढ़ थाने पहुंचकर अपने पति के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार बापेऊ निवासी किशना पुत्री गोपालराम बावरी ने कुनपालसर निवासी अपने पति प्रभुदयाल पुत्र अर्जुनराम बावरी के खिलाफ दहेज प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसका विवाह 13 मार्च 2021 को हुआ था। विवाह में उसके पिता ने अपनी हैसियत से बढ़कर दान-दहेज दिया था, लेकिन शादी के बाद से ही आरोपी पति दहेज की मांग को लेकर उसे परेशान करने लगा।पीड़िता ने बताया कि संतान जन्म के समय भी उसके पीहर पक्ष की ओर से रुपए, कपड़े और गहने दिए गए, बावजूद इसके आरोपी का व्यवहार नहीं बदला। आरोप है कि वर्ष 2023 में दहेज की मांग को लेकर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और बच्चे सहित घर से निकाल दिया।इसके बाद पीड़िता अपने पिता के घर आकर रहने लगी और लगातार ससुराल पक्ष से समझौते व गृहस्थी बसाने का प्रयास करती रही, लेकिन आरोपी ने बिना दहेज उसे घर में रखने से इनकार कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई रतनलाल को सौंपी है।





































