|

​बीकानेर: पुलिस को धक्का देकर भागा आरोपी, लंबी मशक्कत के बाद जोधपुर से हुआ गिरफ्तार

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। जिले के कोटगेट थाने से एक बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया, जहां सोमवार रात मारपीट के आरोप में पकड़ा गया एक आरोपी मंगलवार सुबह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। हालांकि, पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए शाम होते-होते उसे जोधपुर से दोबारा गिरफ्तार कर लिया।

मेडिकल के लिए ले जाते समय दिया चकमा

कोटगेट थानाधिकारी धीरेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि सोमवार रात मारपीट के एक मामले में आजाद उर्फ कलवा को हिरासत में लिया गया था। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे पुलिसकर्मी उसे मेडिकल मुआयने के लिए अस्पताल ले जा रहे थे। थाने के बाहर खड़ी गाड़ी में बैठाते समय उसने अचानक पुलिसकर्मियों को धक्का दिया और मौके से फरार हो गया। पुलिसकर्मी जब तक कुछ समझ पाते, वह पास की संकरी गलियों में ओझल हो गया।

नोखा और नागौर होते हुए पहुंचा जोधपुर, स्पेशल टीम ने दबोचा

आरोपी के भागने के तुरंत बाद शहर के सभी थानों को अलर्ट कर दिया गया। पुलिस को जल्द ही उसकी लोकेशन का सुराग मिल गया। आरोपी आजाद बीकानेर से भागकर नोखा और फिर नागौर होते हुए जोधपुर पहुंच गया था। पुलिस की स्पेशल टीम लगातार उस पर नज़र रखे हुए थी और जैसे ही वह जोधपुर पहुंचा, उसे धर दबोचा गया।

शाम 7 बजे पुलिस टीम लेकर हुई रवाना

एसपी मृदुल कच्छावा ने आरोपी की दोबारा गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि कोटगेट पुलिस की टीम ने लगातार उसका पीछा किया और जोधपुर में उसे पकड़ने में सफलता हासिल की। मंगलवार शाम करीब 7 बजे पुलिस टीम आरोपी को लेकर जोधपुर से वापस बीकानेर के लिए रवाना हो गई।

बढ़ेगी मुश्किलें: भागने का अलग केस होगा दर्ज

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज मारपीट के मामले के अलावा अब पुलिस कस्टडी से भागने का एक नया और अलग मामला भी दर्ज किया जाएगा। नियमानुसार उस पर सख्त कार्रवाई होगी।

Show More

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button