मानसून फिर हुआ मेहरबान, 20 शहरों में बारिश का अलर्ट

जयपुर। मानसून सीजन के आखिरी दौर में देश के बड़े हिस्से में बारिश ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। सावन महीने के अंतिम सोमवार को सक्रिय हुए नए मौसम सिस्टम ने सितंबर महीने में भी अच्छी बारिश की उम्मीद जगा दी है। राजस्थान के पूर्वी और दक्षिणी जिलों में सोमवार को जमकर बारिश हुई।भरतपुर, धौलपुर, करौली, अलवर, डीग, खैरथल-तिजारा, जयपुर और कोटा सहित कई क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई। सर्वाधिक बारिश डीग जिले के सीकरी क्षेत्र में पिछले 24 घंटे के दौरान करीब 4 इंच रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग ने मंगलवार, 25 अगस्त को प्रदेश के 20 शहरों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी भारत के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र और मानसून ट्रफ के प्रभाव से राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में मानसून फिर सक्रिय होने लगा है। इसके असर से 26 अगस्त तक कोटा, भरतपुर और जयपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने तथा कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।मौसम विज्ञान केंद्र ने उदयपुर और अजमेर संभाग के कुछ इलाकों में भी हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है।
वहीं दूसरी ओर पश्चिमी राजस्थान में मानसून की गतिविधियां कमजोर रहने की संभावना है।जोधपुर और बीकानेर संभाग में अगले एक सप्ताह तक बारिश की गतिविधियां कमजोर रह सकती हैं। सीमावर्ती क्षेत्रों में इस दौरान अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।इस तरह आने वाले दिनों में राजस्थान के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में मौसम का मिजाज अलग-अलग देखने को मिलेगा। जहां पूर्वी जिलों में बारिश और भारी बारिश की संभावना बनी हुई है, वहीं बीकानेर-जोधपुर सहित पश्चिमी राजस्थान के अधिकांश क्षेत्रों में लोगों को फिलहाल तेज बारिश के लिए इंतजार करना पड़ सकता है।




































