|

जैसलमेर पुलिस की बड़ी कार्रवाई ग्राइंडर डेटिंग ऐप के बहाने युवक को बुलाकर किया अपहरण, मारपीट कर खाते से उड़ाए 1.42 लाख रुपये, दो घंटे में 6 आरोपी गिरफ्तार

THE BIKANER NEWS:-जैसलमेर। स्वर्णनगरी जैसलमेर में डेटिंग ऐप के जरिए युवक को जाल में फंसाकर अपहरण, मारपीट और ऑनलाइन ठगी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने ग्राइंडर डेटिंग ऐप के माध्यम से युवक को मिलने के बहाने बुलाया और फिर उसे गाड़ी में बैठाकर शहर से दूर ले गए। वहां उसके साथ मारपीट कर मोबाइल फोन से यूपीआई के जरिए 1 लाख 42 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए तथा एटीएम कार्ड भी छीन लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जैसलमेर जिला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज दो घंटे के भीतर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।


जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई किराये की क्रेटा गाड़ी (RJ 45 CT 6060) भी बरामद कर ली है। पुलिस के अनुसार यूपीआई ट्रांजेक्शन की राशि भी होल्ड करवा दी गई है।
गीता आश्रम के पास बुलाया, फिर बरमसर की तरफ ले गए
पुलिस के अनुसार 9 नवंबर 2026 को दूलेन्द्र भाटिया पुत्र भीखचंद भाटिया निवासी राखेचा पाड़ा, जैसलमेर ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दी कि चार व्यक्ति उसे जबरन गाड़ी में बैठाकर शहर से दूर ले गए। वहां उसका मोबाइल फोन छीनकर मारपीट की गई और उसके फोन-पे से 1.42 लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए गए। आरोपियों ने उसका एटीएम कार्ड भी अपने कब्जे में ले लिया और उसे घायल अवस्था में छोड़ दिया।
प्रारंभिक अनुसंधान में सामने आया कि परिवादी ग्राइंडर डेटिंग ऐप के जरिए कुछ संदिग्ध व्यक्तियों के संपर्क में आया था। मिलने के लिए उसने गीता आश्रम के पास अपनी लोकेशन शेयर की। इसके बाद एक व्यक्ति गाड़ी लेकर वहां पहुंचा और युवक को बैठाकर कुछ दूरी पर ले गया, जहां उसके अन्य साथी भी गाड़ी में सवार हो गए। इसके बाद युवक को जबरन बरमसर की तरफ सुनसान स्थान पर ले जाकर मारपीट की गई और यूपीआई के माध्यम से रुपये ट्रांसफर करवाए गए। आरोपियों ने युवक के फोटो और वीडियो भी अपने मोबाइल में बनाए।
एसपी की मॉनिटरिंग में अलग-अलग टीमें गठित


घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी अभिषेक शिवहरे ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेश सांखला और वृत्ताधिकारी रूपसिंह ईन्दा के नेतृत्व में कोतवाली थाना, जिला विशेष टीम (DST), पर्यटक सुरक्षा दल और अभय कमांड सेंटर की अलग-अलग टीमें गठित कीं।
पुलिस टीमों को शहर के प्रवेश और निकास मार्गों पर नाकाबंदी करने तथा संदिग्ध वाहन की तलाश के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों ने फील्ड में उतरकर आपसी समन्वय से कार्रवाई की। सूचना मिलने के महज दो घंटे के भीतर जैसलमेर शहर के अलग-अलग स्थानों से छह संदिग्धों को दस्तयाब कर लिया गया। आरोपियों ने किराये की गाड़ी को बाजार की गलियों में भगाकर बचने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन सहित उन्हें पकड़ लिया।
गिरफ्तार किए गए छह आरोपी
पुलिस ने इस मामले में उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों से जुड़े छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
शिवम जाट, उम्र 21 वर्ष, निवासी जिला अलीगढ़, उत्तर प्रदेश।
दक्ष कुमार जाटव, उम्र 20 वर्ष, निवासी दादरी, गौतमबुद्ध नगर, उत्तर प्रदेश।
कृष्ण प्रजापति, उम्र 23 वर्ष, निवासी दादरी, गौतमबुद्ध नगर, उत्तर प्रदेश।
यश सिंह जाट, उम्र 19 वर्ष, निवासी जिला अलीगढ़, उत्तर प्रदेश।
शुभम पाल गढ़रिया, उम्र 23 वर्ष, निवासी मेरठ, उत्तर प्रदेश।
रचना भाटी गुर्जर, उम्र 19 वर्ष, निवासी दादरी, गौतमबुद्ध नगर, उत्तर प्रदेश।
विस्तृत पूछताछ और अनुसंधान जारी
इस संबंध में पुलिस थाना कोतवाली जैसलमेर में प्रकरण संख्या 216/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस सभी आरोपियों से विस्तृत पूछताछ कर रही है। मामले में अन्य संभावित वारदातों, आरोपियों के नेटवर्क और डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।
जैसलमेर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से साफ है कि गंभीर अपराधों में पुलिस ने तेजी से मोर्चा संभालते हुए आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button