|

बीकानेर में फर्जी पुलिस बनकर दाऊजी रोड और भीनासर से दिनदहाड़े उड़ाए सोने के जेवरात,सीसीटीवी ने कैद

द बीकानेर न्यूज़:^बीकानेर:शहर के दाऊजी रोड और भीनासर क्षेत्र में मंगलवार को बाइक सवार दो युवकों ने फर्जी पुलिसकर्मी बनकर ठगी की दुस्साहसिक वारदातों को अंजाम दिया। शातिर ठग आम लोगों को डराकर उनके सोने के आभूषण लेकर आसानी से फरार हो गए।

पहली वारदात: दाऊजी रोड पर व्यक्ति को थमाई नकली चूड़ी

मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे दाऊजी रोड पर इन बाइक सवार बदमाशों ने एक व्यक्ति को रोका। खुद को पुलिसकर्मी बताकर उन्होंने उस व्यक्ति को डराया और हाथ में पहना हुआ सोने का कड़ा उतारकर जेब में रखने की हिदायत दी। इसी दौरान बदमाशों ने हाथ की सफाई दिखाते हुए असली सोने का कड़ा अपने पास रख लिया और पीड़ित को नकली चूड़ी थमाकर वहां से निकल गए। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने पुलिस को इसकी सूचना दी।

दूसरी वारदात: भीनासर में महिलाओं को कागज में लपेट कर दिए कंकर

दाऊजी रोड पर वारदात को अंजाम देने के बाद ये बदमाश सीधे भीनासर पहुंचे। वहां उन्होंने एक टैक्सी से उतर रही दो महिलाओं को रोका और फिर से पुलिसकर्मी होने का रौब झाड़ा। चोरी का डर दिखाते हुए बदमाशों ने महिलाओं से उनके सोने के झुमके और लॉकेट उतरवा लिए। बड़ी ही चालाकी से ठगों ने महिलाओं को जेवरात की जगह कागज में कंकर लपेटकर पकड़ा दिए। जब तक महिलाओं को अपने साथ हुई ठगी का पता चलता, दोनों बदमाश केएमआर होटल के आगे से होते हुए बरसिंगसर की तरफ भाग निकले।

सीसीटीवी में कैद हुए बदमाश, पुलिस कर रही तलाश

इस मामले में कोतवाली और गंगाशहर थानों की पुलिस संयुक्त रूप से ठगों की तलाश में जुट गई है। कोतवाली पुलिस थाने की एसएचओ सविता डाल और गंगाशहर पुलिस थाने के एसएचओ परमेश्वर सुथार ने बताया कि पुलिस के हाथ सीसीटीवी फुटेज लगे हैं, जिनमें बाइक सवार बदमाश नजर आ रहे हैं। पुलिस इन फुटेज के आधार पर सरगर्मी से आरोपियों की तलाश कर रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button