दर्दनाक सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की मौत,आरोपी चालक की गिरफ्तारी को लेकर धरना


THE BIKANER NEWS:-बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदय विदारक घटना के बाद से मृतक के गांव कल्याणसर पुराना में भारी शोक और मातम का माहौल है। वहीं, घटना से आक्रोशित ग्रामीण ट्रैक्टर चालक की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर अस्पताल की मोर्चरी के बाहर धरने पर बैठ गए हैं।

श्रीडूंगरगढ़ से गांव लौटते समय हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव कल्याणसर पुराना निवासी जस्सूराम मेघवाल के दो पुत्र— 17 वर्षीय रामप्रताप और 22 वर्षीय अशोक, बीती रात श्रीडूंगरगढ़ से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान बीदासर रोड स्थित सालासर फांटे के पास सामने से आ रहे एक ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों भाइयों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पांच भाई-बहनों की जोड़ी टूटने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
परिजनों में मचा कोहराम, गांव में पसरा मातम
देर रात घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने परिजनों को अवगत कराया, जिसके बाद बदहवास हालत में परिवार के सदस्य अस्पताल पहुंचे। एक ही घर के दो जवान बेटों (परिवार के दो चिरागों) के एक साथ बुझ जाने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस असमय मौत से पूरे कल्याणसर पुराना गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और हर आंख नम है।
गिरफ्तारी होने तक पोस्टमार्टम का इंकार, मोर्चरी के बाहर धरना
सुबह होते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंचे और मोर्चरी के बाहर धरने पर बैठ गए। ग्रामीण ट्रैक्टर चालक की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं। उनका स्पष्ट कहना है कि जब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो जाती, तब तक शवों का पोस्टमार्टम नहीं करवाया जाएगा।
जनप्रतिनिधि और पुलिस प्रशासन मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही प्रधान प्रतिनिधि केसाराम गोदारा और सरपंच प्रतिनिधि ताजूराम नायक सहित कई जनप्रतिनिधि व बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपनी नाराजगी जताई। स्थिति को संभालने और ग्रामीणों से समझाइश करने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से एसआई राजेंद्र कुमार पुलिस दल के साथ मौके पर मौजूद हैं। हर कोई इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध है और पीड़ित परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कर रहा है।




































