|

रोटरी क्लब बीकानेर मरुधरा एवं आरएलजी फाउंडेशन ने वृद्ध आश्रम में बुजुर्गों के साथ मनाया दीपोत्सव

बीकानेर। दीपावली केवल दीप जलाने और खुशियां मनाने का पर्व नहीं, बल्कि रिश्तों में मिठास घोलने, अपनों के साथ समय बिताने और जरूरतमंदों के जीवन में खुशियों का उजाला भरने का अवसर भी है। इसी भावना को साकार करते हुए रोटरी क्लब बीकानेर मरुधरा एवं आरएलजी फाउंडेशन द्वारा जयपुर रोड स्थित वृद्ध आश्रम में निवासरत वृद्धजनों के साथ दीपावली का पर्व बेहद आत्मीयता, उल्लास और भावनात्मक वातावरण में मनाया गया।

आरएलजी फाउंडेशन की अध्यक्ष डॉ. अर्पिता गुप्ता* ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि, त्योहारों की असली रोशनी केवल दीपों में नहीं, बल्कि अपनों के साथ, अपनत्व बांटने और किसी के चेहरे पर मुस्कान लाने में होती है। *पूर्व सहायक प्रांतपाल डॉ.अंबुज गुप्ता* ने कहा की हमारे लिए इससे बड़ा उत्सव कोई नहीं कि इन बुजुर्गों के साथ कुछ पल बिताकर उनके चेहरों पर खुशी ला सकें।रोटरी क्लब के *वर्तमान अध्यक्ष रोटे सुधीर भार्गव* ने बताया की बच्चों को भी इस आयोजन के माध्यम से बुजुर्गों का स्नेह और आशीर्वाद प्राप्त हुआ। ऐसे अनुभव बच्चों में संवेदनशीलता, संस्कार और मानवीय मूल्यों का विकास करते हैं| *क्लब सहायक प्रांतपाल रोटे कैलाश कुमावत* ने इस आयोजन को सामाजिक सरोकारों से जुड़ी एक सराहनीय पहल बताते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के सेवा एवं सहयोग कार्य जारी रखने का आश्वासन दिया।कार्यक्रम में आरएलजी फाउंडेशन के बच्चों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, नृत्य एवं गायन के माध्यम से बुजुर्गों का मनोरंजन किया। कहीं भजनों की मधुर धुनों पर थिरकते कदम दिखाई दिए तो कहीं बच्चों और बुजुर्गों के बीच स्नेह एवं अपनत्व के खूबसूरत पल देखने को मिले। बच्चों की प्रस्तुतियों ने बुजुर्गों के चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी। बुजुर्गों ने भी बच्चों को खूब स्नेह दिया और उन्हें हृदय से आशीर्वाद प्रदान किया। *पीढ़ियों के इस सुंदर मिलन ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया।*इस अवसर पर रोटरी क्लब बीकानेर मरुधरा,*क्लब सदस्य रोटे महेश पेरिवाल* की ओर से वृद्धाआश्रम के उपयोग एवं सुविधा के लिए दरियां एवं कुर्सियां वितरित की गईं। साथ ही मिठाई एवं अन्य आवश्यक सामग्री भी भेंट की गई। वही कपडे व राशन का सामान आर एल जी संस्थान द्वारा दिया गया | *यह पहल केवल सामग्री वितरण तक सीमित नहीं रही,बल्कि बुजुर्गों के प्रति सम्मान, संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व की सुंदर अभिव्यक्ति बनी|*अपना थिएटर संस्थान द्वारा संचालित वृद्धाआश्रम में लगभग 50 से अधिक वृद्ध महिलाएं एवं पुरुष निवासरत हैं। । वहीं रोटरी क्लब बीकानेर मरुधरा पिछले 13 वर्षों से समाज सेवा के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दे रहा है।इस अवसर पर क्लब के सदस्य रोटे मनोज गुप्ता, रोटे डॉ विनय गर्ग, रोटे डॉ अनंत शर्मा, रोटे राकेश सोबती, रोटे राजेंद्र गुप्ता, रोटे रुपिन कल्याणी , रोटे अमित नवल, रोटे राहुल दीक्षित, रेणु भार्गव,स्नेहा शर्मा,आरवी गुप्ता, हृदयांश शर्मा ने अपनी महती उपस्थिति दर्ज कराई।रोटरी क्लब बीकानेर मरुधरा एवं आरएलजी फाउंडेशन की इस संयुक्त पहल ने यह संदेश दिया कि *त्योहारों की खुशियां तब और भी खास हो जाती हैं, जब उन्हें उन लोगों के साथ बांटा जाए जिन्हें स्नेह, समय और अपनेपन की सबसे अधिक आवश्यकता होती है।*

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button