दिवाली पर खिलेगा कर्मचारियों का चेहरा! महंगाई भत्ता बढ़ाने और बोनस देने की तैयारी


जयपुर। राजस्थान के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए दिवाली से पहले अच्छी खबर सामने आ रही है। राज्य सरकार कर्मचारियों का महंगाई भत्ता (DA) 3 प्रतिशत बढ़ाने और गैर-राजपत्रित कर्मचारियों को दिवाली बोनस देने की तैयारी कर रही है। वित्त विभाग में इस संबंध में तैयारियां चल रही हैं। मुख्यमंत्री की मंजूरी के बाद सरकार आदेश जारी कर सकती है।


60% से बढ़कर 63% हो सकता है DA
फिलहाल राजस्थान के कर्मचारियों और पेंशनर्स को 60 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिल रहा है। प्रस्तावित 3 प्रतिशत बढ़ोतरी के बाद यह बढ़कर 63 प्रतिशत हो सकता है। इससे कर्मचारियों और पेंशनर्स को उनके वेतन एवं पेंशन के अनुसार आर्थिक लाभ मिलेगा।
इस साल अप्रैल में राज्य सरकार ने DA में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी करते हुए इसे 58 प्रतिशत से बढ़ाकर 60 प्रतिशत किया था।
हर महीने 500 से 4,500 रुपए तक बढ़ सकता है वेतन
DA में 3 प्रतिशत की संभावित बढ़ोतरी से कर्मचारियों को उनके पे-लेवल के अनुसार हर महीने करीब 500 रुपए से 4,500 रुपए तक का अतिरिक्त लाभ मिल सकता है। इसका फायदा राज्य सरकार के कर्मचारियों के साथ पंचायत समितियों और जिला परिषदों के पात्र कर्मचारियों को भी मिलेगा।
6 लाख कर्मचारियों को 7,000 रुपए तक बोनस की तैयारी
राज्य सरकार प्रदेश के करीब 6 लाख गैर-राजपत्रित कर्मचारियों को दिवाली पर एडहॉक बोनस देने की तैयारी कर रही है। प्रस्ताव के अनुसार, पात्र कर्मचारियों को अधिकतम 7,000 रुपए तक बोनस मिल सकता है।
बोनस की गणना 7,000 रुपए और 30 दिन के महीने के आधार पर किए जाने की तैयारी है। इसका लाभ पे-मैट्रिक्स के लेवल L-12 या ग्रेड पे 4,800 और उससे कम वेतनमान वाले पात्र कर्मचारियों को मिल सकता है। पंचायत समिति और जिला परिषदों के पात्र कर्मचारी भी इसके दायरे में होंगे।
सरकार पर पड़ेगा करीब 2,000 करोड़ रुपए का भार
DA में बढ़ोतरी से राज्य सरकार पर करीब 1,500 करोड़ रुपए का अतिरिक्त आर्थिक भार आने का अनुमान है। वहीं, दिवाली बोनस पर लगभग 500 करोड़ रुपए खर्च होने की संभावना है।
फिलहाल DA बढ़ोतरी और दिवाली बोनस की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है। मुख्यमंत्री की मंजूरी और आदेश जारी होने के बाद ही कर्मचारियों को मिलने वाले लाभ की स्थिति स्पष्ट होगी।




































