बीकानेर में पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष दिनेश सारण के साथ मारपीट, बाएं हाथ में आई चोट

बीकानेर। जिला परिषद चुनाव के बीच बीकानेर में पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष दिनेश सारण के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना में दिनेश सारण के बाएं हाथ में चोट आई है। दिनेश सारण जिला परिषद वार्ड संख्या 13 से राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) की प्रत्याशी संजू सारण के भाई हैं।घटना के बाद RLP के जिला प्रभारी दानाराम घिंटाला ने मामले में पुलिस से त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो बीकानेर पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव किया जाएगा।वहीं, पीसीसी सचिव एवं पूर्व छात्र नेता रामनिवास कूकणा ने भी घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हिंसा का कोई स्थान नहीं है। चुनाव के दौरान शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखना जरूरी है, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।चुनावी माहौल के बीच हुई इस घटना को लेकर आरोपियों की गिरफ्तारी और पुलिस कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।





































