बीकानेर: लाखो की एटीएम कैश वैन लूट मामले मे फरार दस हजार रुपए के इनामी बदमाश को पुलिस ने दबौचा

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। बीकानेर जिले की पांचू थाना पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए 51 लाख रुपए की एटीएम कैश वैन लूट के मामले में 10 हजार रुपए के इनामी बदमाश अशोक को गिरफ्तार कर लिया है। यह पूरी कार्रवाई आईजी ओमप्रकाश और एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देशन में पांचू थानाधिकारी ईश्वर जांगिड़ की टीम द्वारा की गई।
5 अगस्त को हुई थी 51 लाख की लूट
गौरतलब है कि बीते 5 अगस्त को सारुंडा रोड पर बदमाशों ने हथियारों के दम पर इस दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया था। बिना नंबर प्लेट की एक कैंपर गाड़ी में आए बदमाशों ने कैश वैन को अपना निशाना बनाया और 51 लाख रुपए लूट कर मौके से फरार हो गए थे।
मोबाइल नहीं रखता था आरोपी, रोही में काट रहा था फरारी
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी अशोक गिरफ्तारी से बचने के लिए बेहद शातिर तरीके अपना रहा था। वह किसी भी प्रकार का मोबाइल फोन इस्तेमाल नहीं करता था और गांव की रोही (जंगल/खेतों) में छिपकर फरारी काट रहा था। तकनीकी ट्रैकिंग संभव न होने के कारण पांचू पुलिस ने अपने मुखबिर तंत्र और परंपरागत पुलिसिंग को मजबूत किया, जिसकी मदद से पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही।
पूर्व में हो चुकी है 46 लाख की रिकवरी
इस बड़ी लूट के मामले में पुलिस पूर्व में ही कैश वैन के कस्टोडियन सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने पूर्व की अपनी कार्रवाई में इन आरोपियों के पास से 46 लाख रुपए की नकदी भी बरामद कर ली थी।
फिलहाल, पांचू पुलिस गिरफ्तार किए गए आरोपी अशोक से वारदात में शामिल अन्य लोगों और बाकी बची राशि को लेकर गहन पूछताछ कर रही है। मामले में आगे का अनुसंधान जारी है।





































