बीकानेर नगर निगम में मेयर-डिप्टी मेयर ने संभाला पदभार, पहले ही दिन बयानबाजी से गरमाया माहौल


THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। नगर निगम में गुरुवार को नवनिर्वाचित मेयर अनिल कल्ला और भाजपा के डिप्टी मेयर पंकज गहलोत ने अलग-अलग समारोह में पदभार ग्रहण किया। मेयर अनिल कल्ला ने शुभ मुहूर्त के अनुसार दोपहर सवा 12 बजे कार्यभार संभाला, जबकि डिप्टी मेयर पंकज गहलोत ने करीब सवा 3 बजे पदभार ग्रहण किया।
डिप्टी मेयर के चुनाव में भाजपा के पंकज गहलोत ने कांग्रेस की नसीमा बानो को दो वोटों के अंतर से हराकर जीत दर्ज की थी। इसके बाद अब निगम में मेयर पद कांग्रेस के पास और डिप्टी मेयर पद भाजपा के पास है।
कल्ला बोले—चुनाव खत्म, अब सभी जनप्रतिनिधि
पदभार ग्रहण करने के बाद मेयर अनिल कल्ला ने कहा कि चुनाव के दौरान कांग्रेस और भाजपा होती हैं, लेकिन चुनाव खत्म होने के बाद सभी जनप्रतिनिधि होते हैं। उन्होंने कहा कि बीकानेर के विकास के लिए पक्ष और विपक्ष दोनों को साथ लेकर काम किया जाएगा। उनका लक्ष्य शहर को ‘बेस्ट सिटी’ बनाना है।
हालांकि अपने संबोधन में कल्ला ने डिप्टी मेयर पंकज गहलोत के पूर्व बयान ‘मैं ही मेयर हूं’ का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वे मधुमक्खी की तरह हैं—प्रेम से रहेंगे तो शहद देंगे, लेकिन जरूरत पड़ी तो मधुमक्खी का छत्ता हटाना भी जानते हैं।
पंकज गहलोत का पलटवार—डंक से डरने वाला नहीं
कल्ला के इस बयान पर डिप्टी मेयर पंकज गहलोत ने भी पलटवार किया। उन्होंने कहा कि जिंदगी में उन्होंने ऐसे अनेक डंक झेले हैं और वे इस तरह की बातों से डरने वाले नहीं हैं।
पंकज गहलोत ने अपने संबोधन में कहा कि महापौर और उपमहापौर एक ही होते हैं। उन्होंने शहरवासियों को भरोसा दिलाया कि वे नगर निगम के हर वार्ड में नजर आएंगे और जनता अपने किसी भी काम के लिए उनसे बेझिझक संपर्क कर सकती है।
मेयर और डिप्टी मेयर के पदभार ग्रहण के पहले ही दिन सामने आए इन बयानों से बीकानेर नगर निगम की नई सियासी तस्वीर में मेयर और डिप्टी मेयर के बीच तालमेल के साथ-साथ राजनीतिक खींचतान के संकेत भी नजर आए। अब देखने वाली बात होगी कि दोनों जनप्रतिनिधि विकास के मुद्दों पर किस तरह साथ काम करते हैं।




































