|

बड़ी खबर: मिलिट्री इंटेलिजेंस कोटगेट पुलिस की संयुक्त कार्रवाई,व्हेल मछली से निकला बेशकीमती पदार्थ( व्हेल की उल्टी)जब्त,65 लाख के माल के साथ गिरफ्तार

THE BIKANER NEWS:बीकानेर:^कोटगेट थाना क्षेत्र में पुलिस और खुफिया एजेंसियों ने बड़ी संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया है। कार्रवाई में व्हेल मछली से संबंधित बेहद कीमती पदार्थ एम्बरग्रीस की बड़ी खेप पकड़ी गई है। पुलिस ने करीब 550 ग्राम संदिग्ध एम्बरग्रीस बरामद किया है, जिसकी प्रारंभिक बाजार कीमत करीब 65 से 70 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार मिलिट्री इंटेलिजेंस (MI), CID-CB और कोटगेट थाना पुलिस ने खुफिया इनपुट के आधार पर कार्रवाई करते हुए यह खेप पकड़ी। मामले में तीन लोगों को पकड़ा गया है। इनमें दो नाबालिगों को निरुद्ध किया गया है, जबकि एक बालिग आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। शुरुआती जांच में तीनों के महाराष्ट्र निवासी होने की बात सामने आई है।

तस्करी के नेटवर्क की तलाश

कार्रवाई के बाद पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि एम्बरग्रीस कहां से लाई गई थी और इसे बीकानेर में किसे सप्लाई किया जाना था। आरोपियों के मोबाइल फोन, डिजिटल चैट, कॉल डिटेल और अन्य संभावित डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।

यदि जांच में दूसरे राज्यों से जुड़े सप्लायर या खरीदारों के नाम सामने आते हैं तो इस कार्रवाई से अंतरराज्यीय वन्यजीव तस्करी नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।

वैज्ञानिक जांच के बाद होगी पुष्टि

एम्बरग्रीस को आम भाषा में ‘व्हेल की उल्टी’ कहा जाता है। हालांकि बरामद पदार्थ की वास्तविक पहचान की पुष्टि वैज्ञानिक परीक्षण के बाद ही होगी। स्पर्म व्हेल भारत में संरक्षित वन्यजीव है और उससे संबंधित पदार्थों का अवैध व्यापार वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत कार्रवाई के दायरे में आता है।

इस पूरी कार्रवाई में मिलिट्री इंटेलिजेंस के इनपुट के साथ बीकानेर सीओ सिटी अनुज डाल और कोटगेट थानाधिकारी विक्रम तिवाड़ी की अहम भूमिका रही। संयुक्त टीम अब पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर इस कथित तस्करी के पीछे जुड़े लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button