|

बीकानेर में बड़ी जालसाजी, 13 जायरीनों से 7.88 लाख रुपये ठगे जाने का आरोप!

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर:;उमराह यात्रा पर जाने की तैयारी कर रहे बीकानेर के 13 जायरीनों के साथ कथित ऑनलाइन धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि ‘खिदमत ग्रुप’ के नाम से सोशल मीडिया पर संपर्क कर यात्रियों को उमराह पैकेज, वीजा और हवाई टिकट उपलब्ध कराने का भरोसा दिया गया, लेकिन दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने के बाद दस्तावेज फर्जी होने का खुलासा हुआ।


मीडिया में छपी रिपोर्ट के अनुसार शिकायतकर्ता मोहम्मद फिरोज के अनुसार, उनके परिवार और परिचितों सहित 13 लोगों ने उमराह यात्रा के लिए ऑनलाइन संचालित बताए जा रहे ‘खिदमत ग्रुप’ से संपर्क किया था। ग्रुप संचालक ने अपना नाम सैयद शादाब आफरीन बताया और व्हाट्सऐप कॉल व मैसेज के जरिए मक्का-मदीना में ठहरने समेत करीब 80 से 85 हजार रुपये के पैकेज की जानकारी दी।


अलग-अलग खातों में करवाया भुगतान
आरोप है कि बुकिंग और वीजा प्रोसेसिंग के नाम पर यात्रियों से अलग-अलग यूपीआई आईडी, फोन-पे और बैंक खातों के माध्यम से रकम ट्रांसफर करवाई गई। शिकायत के मुताबिक, ‘हमजा ट्रेवल्स’ और ‘जहां ट्रेवल्स’ के नाम से भुगतान करवाने के साथ कोटक महिंद्रा बैंक के एक खाते में भी करीब 2 लाख रुपये जमा करवाए गए।


टिकट और वीजा निकले फर्जी
यात्रियों का आरोप है कि शुरुआत में 10-10 हजार रुपये लेकर उन्हें हवाई टिकट भेजे गए। इसके बाद वीजा के नाम पर भी बड़ी रकम ली गई। कथित तौर पर यात्रियों को यह भरोसा दिलाने के लिए 55 लोगों के 10 सितंबर को उमराह के लिए रवाना होने का वीडियो भी दिखाया गया।
दिल्ली एयरपोर्ट पर खुला मामला
10 सितंबर को जब सभी 13 यात्री उमराह के लिए दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचे, तब दस्तावेजों की जांच के दौरान उन्हें कथित फर्जीवाड़े की जानकारी मिली। यात्रियों के अनुसार, वीजा और टिकट वैध नहीं पाए गए, जिसके बाद उन्हें अपने साथ हुई कथित ठगी का पता चला।
शिकायत में कुल 7.88 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया गया है। मामले में संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई और रकम वापस दिलाने की मांग की गई है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविकता और जिम्मेदारी तय हो सकेगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button