Big Breking:- चलती स्कूल बस में लगी भीषण आग, ड्राइवर की सूझबूझ से 25 बच्चों की बची जान

THE BIKANER NEWS:-जैसलमेर, 11 अगस्त। जैसलमेर में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पिथला गांव से बच्चों को लेकर एसएम पब्लिक स्कूल जा रही एक स्कूल बस में अचानक भीषण आग लग गई। बस में करीब 25 बच्चे सवार थे। ड्राइवर की सूझबूझ और स्थानीय ग्रामीणों की तत्परता से सभी बच्चों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 6:30 बजे बस शहर से लगभग 12 किलोमीटर दूर डाबला रोड स्थित एसएम पब्लिक स्कूल की ओर जा रही थी।

धऊवा गांव के पास पहुंचते ही बस के इंजन वाले हिस्से से धुआं उठने लगा। कुछ ही क्षणों में धुआं आग की लपटों में बदल गया।
स्थिति को भांपते हुए चालक ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोककर सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस दौरान मौके पर पहुंचे स्थानीय ग्रामीणों ने भी बच्चों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने में मदद की। चालक की तत्परता के कारण एक बड़ा हादसा टल गया।
बच्चों के उतरने के बाद आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही पुलिस और नगर परिषद के अग्निशमन विभाग की तीन दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
इस घटना में किसी भी बच्चे या स्कूल स्टाफ को चोट नहीं आई, लेकिन बस में रखे बच्चों के स्कूल बैग और अन्य सामान जलकर राख हो गए।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का संभावित कारण बस की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं।





































