राजस्थान में बारिश का दौर फिर होगा तेज, बीकानेर के लिए मौसम विभाग का अलर्ट

जयपुर। राजस्थान में मानसून अभी सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले 3-4 दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। इस दौरान कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर तेज और भारी बारिश भी हो सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक 9 अगस्त को राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं 10 से 12 अगस्त के दौरान दक्षिण-पूर्वी और पूर्वी राजस्थान में बारिश की गतिविधियां बढ़ने के आसार हैं। इस दौरान कुछ स्थानों पर मध्यम से कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।
पूर्वी राजस्थान में एक सप्ताह सक्रिय रहेगा मानसून
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और आसपास के पूर्वी भारत के ऊपर नया परिसंचरण तंत्र बना हुआ है। इसके आगामी 24 घंटों में और तीव्र होकर कम दबाव के क्षेत्र में बदलने की संभावना है। मानसून ट्रफ लाइन श्रीगंगानगर और दिल्ली से होकर गुजर रही है।
8 से 10 अगस्त के दौरान भरतपुर, जयपुर, कोटा, अजमेर और उदयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। वहीं पूर्वी राजस्थान के एक-दो स्थानों पर अतिभारी बारिश की भी संभावना जताई गई है।
14-15 अगस्त से बारिश में आएगी कमी
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी राजस्थान में 14 अगस्त और पूर्वी राजस्थान में 15 अगस्त से बारिश की गतिविधियों में कमी आने की प्रबल संभावना है। हालांकि जोधपुर और बीकानेर संभाग के सीमावर्ती क्षेत्रों को छोड़कर पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में अगले 3-4 दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है।
बीकानेर, जोधपुर समेत पश्चिमी राजस्थान के लोगों को अगले कुछ दिनों तक मौसम में बदलाव और बारिश को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है।




































