राजस्थान मौसम अपडेट: 21 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट, 10 अगस्त तक सक्रिय रहेगा मानसून

THE BIKANER NEWS:-जयपुर। राजस्थान में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने गुरुवार को प्रदेश के 21 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं, राज्य में 10 अगस्त तक मानसून सक्रिय रहने का पूर्वानुमान जताया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार सुबह से अलवर और कोटपूतली-बहरोड़ क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी है। कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि उत्तर प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी हिस्से और आसपास के क्षेत्र के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। इसके साथ ही मानसून ट्रफ लाइन श्रीगंगानगर, रोहतक और गया से होकर गुजर रही है। इसी मौसम तंत्र के प्रभाव से प्रदेश में अगले तीन दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने और 7 अगस्त से उदयपुर, कोटा एवं भरतपुर संभाग में भारी बारिश होने की संभावना है।
पिछले 24 घंटों के दौरान अलवर जिले के गोविंदगढ़ में सर्वाधिक 72 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। वहीं, बुधवार को भरतपुर और जयपुर संभाग के कई इलाकों में 3 इंच तक बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर के कुछ क्षेत्रों में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई।
मौसम विभाग ने लोगों से भारी बारिश के दौरान सतर्क रहने, जलभराव वाले क्षेत्रों से बचने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।





































