बीकानेर में खुले बिजली तार बने जानलेवा, 25 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत

बीकानेर। शहर के नया शहर थाना क्षेत्र में गुरुवार को करंट लगने से 25 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना ओझाओं की गली की बताई जा रही है, जहां खुले पड़े बिजली के तारों की चपेट में आने से युवक की जान चली गई।

जानकारी के अनुसार, राहुल ओझा अपने एक दोस्त को लेने जा रहा था। इसी दौरान उसने देखा कि एक गाय खुले पड़े बिजली के तारों को मुंह में लेने का प्रयास कर रही है। गाय को बचाने की नीयत से राहुल ने जैसे ही तारों को हटाने का प्रयास किया, वह खुद करंट की चपेट में आ गया और मौके पर ही गिर पड़ा।घटना देखकर आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में राहुल को पीबीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।राहुल की असमय मौत की खबर फैलते ही परिजनों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई। बताया जा रहा है कि हंसमुख स्वभाव के राहुल ने गुरुवार सुबह ही भगवान महादेव की पूजा से जुड़ी एक पोस्ट सोशल मीडिया पर साझा की थी।घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में बिजली विभाग की लापरवाही को लेकर भी आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने खुले बिजली तारों को समय रहते ठीक नहीं किए जाने पर नाराजगी जताते हुए जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है।





































