बीकानेर में दिल दहला देने वाली वारदात,बेटे ने लाठी से पीटकर की 70 वर्षीय बुजुर्ग मां की हत्या की

THE BIKANER NEWS:- बीकानेर में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक बेटे ने अपनी ही बुजुर्ग मां की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

रात भर घर में टहलता रहा आरोपी
आरोपी रामनिवास के भाई ओमप्रकाश ने पुलिस को बताया कि रामनिवास रात 2 बजे से ही घर में इधर-उधर टहल रहा था। उस वक्त उसकी पत्नी भी जाग रही थी। इसके बाद सुबह 4 बजे रामनिवास ने अपनी पत्नी को जगाया और कहा कि “मां मर चुकी है”। यह खौफनाक बात सुनकर पत्नी जोर से चिल्लाई, जिससे परिवार के अन्य सदस्य भी जाग गए।
भाई को देखते ही मौके से हुआ फरार
परिजनों के उठने के बाद सभी लोग बदहवास हालत में घर के बाहर सो रही 70 वर्षीय मां के पास दौड़कर पहुंचे। ओमप्रकाश के अनुसार, जब वे वहां पहुंचे तो रामनिवास मां के पलंग को खिसका (सरका) रहा था। अपने भाई ओमप्रकाश को सामने देखते ही आरोपी रामनिवास मौके से फरार हो गया।
पुलिस की कार्रवाई और आरोपी की स्थिति
श्रीडूंगरगढ़ थानाधिकारी कश्यप सिंह राघव ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी बेटे रामनिवास को डिटेन (हिरासत में) कर लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस उसे हिरासत में लेकर इस पूरी घटना की सघनता से जांच कर रही है।





































