Rajasthan:- भाजपा नेता की धारदार हथियार से हत्या!,फैली सनसनी

THE BIKANER NEWS:- जयपुर। जयपुर के मनोहरपुर क्षेत्र में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के पूर्व मंडल अध्यक्ष रामावतार असवाल उर्फ पप्पू (55) की हत्या से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। उनका शव सोमवार रात उनके कबाड़ गोदाम में खून से लथपथ अवस्था में मिला। परिजनों ने आरोप लगाया है कि धारदार हथियार से हमला कर उनकी हत्या की गई।
पुलिस के अनुसार, सोमवार शाम करीब 7:30 बजे एक व्यक्ति गोदाम पर आया था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमलावर ने धारदार हथियार से हमला कर वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गया। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजन गोदाम पहुंचे, जहां रामावतार गंभीर रूप से घायल मिले। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची तथा साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने गोदाम और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। एडीशनल एसपी रणवीर सिंह ने बताया कि मामले के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार विशेष टीमें गठित की गई हैं।
हत्या के बाद परिजन और ग्रामीणों में आक्रोश है। मंगलवार सुबह बड़ी संख्या में लोग मनोहरपुर थाने के बाहर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, मामले का खुलासा, परिवार के एक सदस्य को नौकरी तथा मुआवजा देने की मांग की।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला आपसी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि सभी पहलुओं से जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया गया है। तनाव को देखते हुए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।






































