Breaking:-महिला को घोंपा चाकू, गंभीर हालत में बीकानेर के PBM अस्पताल रेफर

THE BIKANER NEWS:बीकानेर/हनुमानगढ़: हनुमानगढ़ से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक महिला पर अज्ञात बदमाशों ने जानलेवा हमला करते हुए उसे बुरी तरह लहूलुहान कर दिया। गंभीर हालत में महिला को इलाज के लिए बीकानेर के पीबीएम (PBM) अस्पताल रेफर किया गया है।

घटना की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जब महिला को एंबुलेंस के जरिए बीकानेर के पीबीएम अस्पताल लाया गया, तब उसकी पीठ के निचले हिस्से में चाकू घुसा हुआ ही था। इसके साथ ही हमलावरों ने महिला के शरीर पर तीन से चार अन्य जगहों पर भी गंभीर वार किए हैं, जिससे उसे गहरी चोटें आई हैं।
मरीज की क्रिटिकल कंडीशन को देखते हुए पीबीएम अस्पताल प्रशासन तुरंत अलर्ट मोड पर आ गया। महिला के अस्पताल पहुंचते ही स्पेशलिस्ट डॉक्टर्स की एक विशेष टीम तुरंत मौके पर पहुंची और इमरजेंसी में इलाज शुरू कर दिया है। डॉक्टरों की पहली प्राथमिकता शरीर में गहराई तक फंसे चाकू को सुरक्षित बाहर निकालना और महिला की जान बचाना है।
हमलावरों का सुराग नहीं
फिलहाल इस बात की कोई जानकारी नहीं मिल पाई है कि यह वीभत्स हमला किसने और किन कारणों से किया है। पुलिस मामले की जानकारी जुटाने में लगी है और हमलावरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।




































