Breaking:-दिनदहाड़े लाखो रुपये की लूट, बिना नंबर की बाइक पर आए बदमाशों ने छीना रुपयों से भरा बैग


THE BIKANER NEWS:-बीकानेरबीकानेर: शहर के बीछवाल थाना क्षेत्र स्थित अनाज मंडी में शुक्रवार को दिनदहाड़े लूट की एक बड़ी वारदात सामने आई है। यहाँ बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर सवार दो बदमाशों ने एक मुनीम से 4.5 लाख रुपये से भरा बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए। इस घटना के बाद पूरे मंडी क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

बैंक से रुपये निकालकर लौट रहा था मुनीम
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कच्ची आढ़त मंडी की दुकान नंबर 13 पर संचालित फर्म ‘बृजमोहन बृजवल्लभ’ के मुनीम दुलाराम दुकान में काम करने वाले एक पल्लेदार के साथ मंडी स्थित एसबीआई (SBI) बैंक गए थे। वहां से वे करीब 4.5 लाख रुपये निकालकर वापस दुकान की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने रुपयों से भरा बैग झपट्टा मारकर छीन लिया और तेजी से भाग निकले।
सीसीटीवी में कैद हुए संदिग्ध
घटना की सूचना मिलते ही बीछवाल थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है जिसमें दोनों संदिग्ध बाइक सवार नजर आ रहे हैं। पुलिस अब आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि आरोपियों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।
व्यापारियों में भारी रोष
बताया जा रहा है कि यह फर्म कच्ची आढ़त का कार्य करती है और इसके मालिक नटवर करनाणी हैं। दिनदहाड़े हुई इस दुस्साहसिक वारदात से मंडी के व्यापारियों में भारी रोष व्याप्त है। सभी व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से कड़ी नाराजगी जताते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।





































