छत पर सो रहे व्यक्ति का मिला लहूलुहान शव,हत्या की आशंका

THE BIKANER NEWS. सरदारशहर में किसान की हत्या का मामला सामने आया है। बीकमसरा गांव में खेत में बनी ढाणी में छत पर सो रहे श्योदान नायक (48) का शव खून से लथपथ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही सरदारशहर थाना अधिकारी मदनलाल विश्नोई पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। श्योदान के चेहरे पर गहरी चोट के निशान मिले हैं, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस ने शव को सरदारशहर उप जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। अस्पताल प्रभारी डॉ. चंद्रभान जांगिड़ ने बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। बीकमसरा के सरपंच कानाराम मूंड ने बताया कि श्योदान नायक रात 9 बजे के करीब छत पर सोने गए थे। सुबह ग्रामीणों ने खून से सना शव देखा तो सनसनी फैल गई। परिजनों ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। थाना अधिकारी मदनलाल विश्नोई ने कहा कि जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी की जाएगी।

































