बीकानेर: तेज रफ्तार का कहर, सड़क पार कर रहे युवक को गाड़ी ने कुचला, मौत

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। शहर के मुक्ता प्रसाद थाना क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। बजरंग धोरा के पास एक तेज रफ्तार अनियंत्रित वाहन ने पैदल जा रहे युवक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई।

बहन के घर से लौट रहा था मृतक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 22 वर्षीय मुकेश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मुकेश देर रात अपनी बहन के घर से वापस अपने घर की ओर जा रहा था। जब वह बजरंग धोरा के पास पैदल सड़क पार कर रहा था, तभी एक तेज रफ्तार गाड़ी ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मुकेश सड़क पर काफी दूर जाकर गिरा और लहूलुहान हो गया।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से मुकेश को गंभीर हालत में पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन चोटें इतनी गहरी थीं कि इलाज के दौरान मुकेश ने दम तोड़ दिया।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही मुक्ता प्रसाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि टक्कर मारने वाली गाड़ी की पहचान की जा सके।





































