सरहद पार नापाक कोशिश, इस बार ड्रोन के जरिये भेजा हथियारों की खेप,पुलिस ने किया जब्त

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर/खाजूवाला: भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर दुश्मनों और तस्करों की एक और बड़ी साजिश को सुरक्षा बलों ने नाकाम कर दिया है। सरहद पार से अब तक ड्रोन के जरिए केवल मादक पदार्थों (हेरोइन) की तस्करी की खबरें आती थीं, लेकिन अब तस्करों ने नया और खतरनाक पैंतरा अपनाते हुए हथियारों की खेप भेजना शुरू कर दिया है।
बीएसएफ (BSF) और खाजूवाला पुलिस की एक संयुक्त और त्वरित कार्रवाई में बॉर्डर इलाके से हथियारों का एक बड़ा जखीरा बरामद किया गया है। मौके से 5 पिस्टल और 300 जिंदा कारतूस जब्त किए गए हैं।यह घटना इस बात का संकेत है कि सीमा पार बैठे देश-विरोधी तत्व अब ड्रोन के माध्यम से ड्रग्स के साथ-साथ हथियारों की भी सप्लाई कर रहे हैं। बीएसएफ के सटीक इंटेलिजेंस इनपुट के आधार पर इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
यह बड़ी कार्रवाई बीकानेर रेंज के आईजी ओमप्रकाश और एसपी कावेन्द्र सागर के कड़े निर्देशन में की गई। बीएसएफ से मिले इनपुट के तुरंत बाद पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई।
ग्राउंड जीरो पर एक्शन के लिए खाजूवाला सीओ अमरजीत चावला और प्रोबेशनर आरपीएस रोहित अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और इलाके को सील कर सर्च ऑपरेशन चलाया।
”बीएसएफ के इनपुट पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हथियारों और कारतूसों की इस बड़ी खेप को जब्त किया है। सीमा पार से हुई इस नापाक कोशिश के बाद इलाके में चौकसी और गश्त बढ़ा दी गई है। स्थानीय स्तर पर इन हथियारों की डिलीवरी किसे होनी थी, इसकी गहनता से जांच की जा रही है।” पुलिस प्रसाशन





































